वाराणसी
कैनवास बाल क्रिकेट प्रतियोगिता का आगाज, जेडी स्पोर्टिंग क्लब ने जीता उद्घाटन मैच
वाराणसी। अर्दली बाजार स्थित एल.टी. कॉलेज प्रांगण में रविवार शाम स्व. नबी अहमद कैनवास बाल क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि एवं मंत्री रविन्द्र जायसवाल ने किया। उद्घाटन अवसर पर खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला।

प्रतियोगिता का पहला मुकाबला जेडी स्पोर्टिंग क्लब और महाकाल स्पोर्टिंग क्लब के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए जेडी स्पोर्टिंग क्लब ने निर्धारित आठ ओवर में 61 रन बनाए। जवाब में उतरी महाकाल स्पोर्टिंग क्लब की टीम 38 रन ही बना सकी। इस तरह जेडी स्पोर्टिंग क्लब ने मुकाबला अपने नाम कर लिया।

जेडी स्पोर्टिंग क्लब की ओर से शानदार प्रदर्शन करते हुए अनस ने 19 रन बनाए और उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया। प्रतियोगिता के आयोजक स्व. नबी अहमद स्पोर्टिंग क्लब के सचिव नफीस अहमद पटेल ने बताया कि टूर्नामेंट में बाबा स्पोर्टिंग क्लब, मुस्लिम एलेवन क्लब, हनुमान घाट स्पोर्टिंग क्लब, एचडीएफसी, कमिश्नरेट पुलिस, नगर निगम, सुपर एलेवन, आदर्श एलेवन, डीपी इंडस्ट्रीज क्लब, टीसीसी, अशोका स्पोर्टिंग क्लब समेत कुल 16 टीमें प्रतिभाग कर रही हैं। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला 07 जून 2026 को खेला जाएगा।
