Connect with us

वाराणसी

काशी के दो लाख परिवारों को मुफ्त मिलेंगे चार लाख डस्टबिन

Published

on

Loading...
Loading...

17 सितंबर से नगर निगम का स्वच्छता और त्वरित समाधान महाअभियान, 50 वार्डों तक बढ़ेगी स्मार्ट शिकायत व्यवस्था

वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर के अवसर पर नगर निगम वाराणसी शहर में स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए विशेष अभियान शुरू करेगा। इस अभियान के तहत शहर के दो लाख परिवारों को चार लाख डस्टबिन नि:शुल्क वितरित किए जाएंगे। प्रत्येक परिवार को दो डस्टबिन (हरा और नीला) दिए जाएंगे, ताकि घर-घर से गीले और सूखे कचरे का पृथक्करण सुनिश्चित किया जा सके।

गीले और सूखे कचरे के अलग-अलग होंगे डस्टबिन

नगर निगम के अनुसार हरे डस्टबिन का उपयोग फल-सब्जियों के छिलके, पत्तियां, बचा हुआ भोजन और अन्य गीले कचरे के लिए किया जाएगा। वहीं नीले डस्टबिन में प्लास्टिक, कागज, कांच, रैपर और अन्य सूखा कचरा रखा जाएगा। इस व्यवस्था से कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण और शहर की स्वच्छता को बढ़ावा मिलेगा।

50 वार्डों तक बढ़ेगी स्मार्ट शिकायत प्रणाली

नगर निगम ने बताया कि 21 जुलाई से गंगा तटीय 25 वार्डों में शुरू किए गए ‘त्वरित-समाधान स्मार्ट पायलट प्रोजेक्ट’ का विस्तार 17 सितंबर से किया जाएगा। दूसरे चरण में 25 और वार्ड जोड़े जाएंगे, जिसके बाद शहर के 50 वार्डों में छह विभागों से जुड़ी 14 प्रमुख नागरिक समस्याओं का अधिकतम चार घंटे के भीतर समाधान सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा गया है।

व्हाट्सएप चैटबॉट से दर्ज होंगी शिकायतें

नागरिक अब व्हाट्सएप नंबर 8601872601 पर अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगे। शिकायत दर्ज होते ही सिस्टम संबंधित अधिकारी को जीपीएस लोकेशन और लाइव फोटो के साथ सूचना भेजेगा। समस्या के समाधान के बाद अधिकारी एप के माध्यम से फोटो अपलोड करेगा, जिसके सत्यापन के बाद शिकायत का निस्तारण कर नागरिक को इसकी सूचना भेज दी जाएगी।

Advertisement

महापौर बोले- स्वच्छता और त्वरित समाधान हमारी प्राथमिकता

महापौर अशोक कुमार तिवारी ने कहा कि काशी से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूरे देश को स्वच्छता का संदेश दिया था। उनके जन्मदिवस पर नगर निगम चार लाख डस्टबिन वितरित कर स्वच्छता अभियान को नई गति देगा। साथ ही त्वरित समाधान व्यवस्था का दायरा बढ़ाकर 50 वार्डों तक किया जा रहा है, ताकि नागरिकों की समस्याओं का अधिकतम चार घंटे के भीतर समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page