वाराणसी
तेज रफ्तार टैंकर की चपेट में आने से महिला की मौत
सड़क पार कर बकरी बांधने जा रही थी महिला, हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार
पिंडरा/वाराणसी। फूलपुर थाना क्षेत्र के मलहथ गांव में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 45 वर्षीय महिला की मौत हो गई। घर के सामने सड़क पार कर बकरी बांधने जा रही महिला को तेज रफ्तार टैंकर ने टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल महिला की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद चालक टैंकर छोड़कर फरार हो गया।
घर के सामने हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, मलहथ गांव निवासी मीरा देवी (45) पत्नी मुकेश बेनवंशी का मकान मीराशाह-कठिराव मार्ग के किनारे स्थित है। बुधवार सुबह करीब 9:30 बजे वह सड़क के दूसरी ओर बकरी बांधने जा रही थीं। जैसे ही वह सड़क किनारे पहुंचीं, कठिराव की ओर से आ रहे तेज रफ्तार खाली टैंकर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गईं।
अस्पताल में उपचार के दौरान तोड़ा दम
हादसे के बाद चालक कुछ दूरी पर टैंकर खड़ा कर मौके से फरार हो गया। परिजन और स्थानीय लोग घायल महिला को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पिंडरा ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें पंडित दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल रेफर किया गया। वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया गया कि सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौत हुई।
शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस फरार चालक की तलाश के साथ ही मामले की जांच कर रही है।
