Connect with us

भदोही

कांवड़ यात्रा को लेकर डीएम-एसपी ने संभाली कमान, मार्गों का किया निरीक्षण

Published

on

Loading...
Loading...

उत्तरी लेन रहेगी कांवरियों के लिए आरक्षित, दुकानदारों को शुद्ध खाद्य सामग्री और निर्धारित रेट सूची रखने के निर्देश

ज्ञानपुर (भदोही)। श्रावण मास में निकलने वाली कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुगम और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। जिलाधिकारी शैलेष कुमार और पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने जनपद के कांवड़ मार्गों, प्रयागराज बॉर्डर (भीटी) सहित विभिन्न स्थानों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था, रूट डायवर्जन, पुलिस प्रबंधन और अन्य तैयारियों का जायजा लिया।

कांवड़ियों के लिए आरक्षित रहेगी उत्तरी लेन

निरीक्षण के दौरान डीएम और एसपी ने बैरियर ड्यूटी और पुलिस व्यवस्था की जांच की। अधिकारियों ने निर्देश दिया कि कांवड़ यात्रा के निर्धारित मार्ग की उत्तरी लेन पर किसी भी प्रकार के वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा, ताकि श्रद्धालुओं को निर्बाध और सुरक्षित यात्रा मिल सके।

पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्कता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने और श्रद्धालुओं के साथ बेहतर व्यवहार बनाए रखने के निर्देश दिए।

ढाबों और दुकानों पर रेट सूची व साफ-सफाई अनिवार्य

जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने कांवड़ मार्गों पर स्थित ढाबा, रेस्टोरेंट और जलपान दुकानों के संचालकों को निर्देशित किया कि वे निर्धारित रेट सूची प्रदर्शित करें और केवल शुद्ध व ताजा खाद्य सामग्री की बिक्री करें।

Advertisement

उन्होंने कहा कि खाद्य पदार्थों में मिलावट, अपमिश्रण या बासी सामग्री मिलने पर संबंधित दुकान के खिलाफ सीलिंग और कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही रसोई और आसपास के क्षेत्र में साफ-सफाई व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

साफ-सफाई, पेयजल और बिजली व्यवस्था पर विशेष जोर

डीएम ने नगरीय निकायों और विकासखंड अधिकारियों को निर्देश दिया कि कांवड़ मार्गों, शिविरों और शिवालयों के आसपास विशेष सफाई अभियान चलाया जाए। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, मोबाइल टॉयलेट और शौचालयों की साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने संचारी रोगों और मच्छर जनित बीमारियों से बचाव के लिए चूना, ब्लीचिंग पाउडर और दवाओं के छिड़काव के भी निर्देश दिए। बिजली विभाग को मार्गों पर तारों और खंभों की व्यवस्था दुरुस्त रखने तथा विद्युत दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए सतर्क रहने को कहा गया।

राष्ट्रीय राजमार्ग पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

कांवड़ यात्रा के मद्देनजर राष्ट्रीय राजमार्ग पर पर्याप्त पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती की गई है। डीएम और एसपी ने हाईवे का औचक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की।

पुलिस अधीक्षक ने जोनल और सेक्टर प्रभारियों को नियमित चेकिंग करने तथा सभी पुलिसकर्मियों को पूरी जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वाहन रोकने के दौरान किसी भी व्यक्ति के साथ दुर्व्यवहार न किया जाए।

Advertisement

इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल, उप जिलाधिकारी ज्ञानपुर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page