गाजीपुर
करूई में चकमार्ग से हटाया गया अस्थायी अतिक्रमण
दुल्लहपुर (गाजीपुर)। जिलाधिकारी के आदेश के अनुपालन में बुधवार को राजस्व विभाग और पुलिस की टीम ने करूई गांव में चकमार्ग की भूमि पर किए गए अस्थायी अतिक्रमण को मौके पर पहुंचकर हटवा दिया। कार्रवाई के दौरान आवेदक, अतिक्रमणकारी और ग्रामीण मौजूद रहे।

स्पॉट मेमो के अनुसार, 23 सितंबर 2026 को मौजा करूई, परगना शादियाबाद, तहसील जखनियां स्थित गाटा संख्या 65 की चकमार्ग भूमि पर किए गए अस्थायी अतिक्रमण को राजस्व टीम और पुलिस की मौजूदगी में हटाया गया। कार्रवाई के प्रमाण के तौर पर मौके पर मौजूद लोगों के हस्ताक्षर भी कराए गए।
राजस्व विभाग के अनुसार, जलालाबाद-करूई मार्ग से जुड़े रास्ते के विवाद का भी मौके पर निस्तारण कराया गया। इसके अलावा शिवपुर गांव में दीवार को लेकर चल रहे विवाद को भी राजस्व एवं पुलिस टीम की मौजूदगी में सुलझा दिया गया।
राजस्व निरीक्षक धीरेंद्र सिंह ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर संबंधित मामलों में मौके की स्थिति का निरीक्षण कर नियमानुसार कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक रास्तों और भूमि पर अतिक्रमण से जुड़े मामलों में नियमानुसार कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
कार्रवाई के दौरान लेखपाल आशुतोष पांडेय, अमरजीत, राकेश यादव और सौरभ सिंह सहित राजस्व एवं पुलिस टीम मौजूद रही।
