Connect with us

भदोही

ककराही पूर्व माध्यमिक विद्यालय में जगी स्वच्छता की अलख

Published

on

Loading...
Loading...

छात्र-छात्राओं को सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट और कचरा पृथक्करण की दी जानकारी, स्वच्छता का दिलाया संकल्प

गोपीगंज (भदोही)। नगर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के उद्देश्य से नगर पालिका परिषद गोपीगंज द्वारा चलाए जा रहे जनजागरूकता अभियान के तहत शुक्रवार को पूर्व माध्यमिक विद्यालय ककराही में स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें छात्र-छात्राओं को स्वच्छता के महत्व के साथ कचरे के उचित प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में बच्चों को बताया गया कि स्वच्छता केवल विद्यालय परिसर तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसे घर और दैनिक जीवन की आदत बनाना जरूरी है। अपने घर के साथ आसपास के वातावरण को साफ-सुथरा रखने से ही स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज का निर्माण संभव है।

छात्र-छात्राओं को सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट नियम-2026 के तहत घरों में अलग-अलग प्रकार के कचरे के लिए डस्टबिन रखने, गीले एवं सूखे कचरे का पृथक्करण करने तथा हरे और नीले डस्टबिन के सही उपयोग की जानकारी दी गई। इसके अलावा एमआरएफ (मैटेरियल रिकवरी फैसिलिटी) सेंटर, कचरे की रीसाइक्लिंग प्रक्रिया और घर में जैविक कचरे से कम्पोस्ट तैयार करने के सरल तरीकों के बारे में भी बताया गया।

नगर पालिका परिषद की अधिशासी अधिकारी बीना सिंह ने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन की सफलता तभी संभव है, जब प्रत्येक नागरिक कचरे के पृथक्करण, उचित निस्तारण और पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाए। उन्होंने बच्चों से स्वयं स्वच्छता अपनाने के साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी जागरूक करने की अपील की।

Advertisement

विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी विद्यार्थियों से स्वच्छता को दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में छात्र-छात्राओं ने अपने घर, विद्यालय और मोहल्ले को स्वच्छ रखने तथा कचरे का उचित निस्तारण करने का संकल्प लिया।

‘स्वच्छता अपनाएं, गोपीगंज को स्वच्छ बनाएं’ संदेश के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। इस दौरान नगर पालिका के आशीष कुमार यादव, विवेक कुमार, प्रशांत गुप्ता सहित विद्यालय के शिक्षक एवं अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page