जौनपुर
ओवरस्पीड वाहनों पर अब सीधे होगा ई-चालान
जौनपुर में स्पीड ट्रैकर से होगी निगरानी, गति सीमा पार करते ही ऑनलाइन कटेगा चालान
जौनपुर। सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए यातायात पुलिस ने ओवरस्पीड वाहनों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। अब जिले में स्पीड ट्रैकर प्रणाली के माध्यम से निर्धारित गति सीमा का उल्लंघन करने वाले वाहनों का स्वतः ई-चालान किया जाएगा। चालान ऑनलाइन जनरेट होकर वाहन स्वामी के पंजीकृत पते पर भेजा जाएगा।
शहरी और फोरलेन मार्गों के लिए तय की गई गति सीमा
यातायात विभाग के अनुसार नगर पालिका और नगर पंचायत क्षेत्रों में दोपहिया वाहनों की अधिकतम गति 60 किमी प्रति घंटा निर्धारित की गई है। चारपहिया वाहनों के लिए 60 से 70 किमी प्रति घंटा तथा मालवाहक एवं भारी वाहनों के लिए 60 किमी प्रति घंटा की सीमा तय की गई है।
वहीं फोरलेन मार्गों पर दोपहिया वाहन 80 किमी प्रति घंटा, चारपहिया वाहन 100 किमी प्रति घंटा तथा मालवाहक एवं भारी वाहन 80 किमी प्रति घंटा की अधिकतम गति से चल सकेंगे। निर्धारित सीमा से अधिक गति दर्ज होने पर स्पीड ट्रैकर स्वतः ई-चालान जारी करेगा।
सड़क हादसे रोकने की पहल
यातायात निरीक्षक मनोज पाण्डेय ने बताया कि तेज रफ्तार सड़क दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण है। इसी को देखते हुए आधुनिक स्पीड ट्रैकर प्रणाली लागू की गई है, जिससे ओवरस्पीडिंग करने वाले वाहन चालकों पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
नियमों के पालन की अपील
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से निर्धारित गति सीमा का पालन करने और सुरक्षित वाहन चलाने की अपील की है। अभियान के दौरान यातायात उपनिरीक्षक सुनील तिवारी, अजीत कुमार, जुल्फिकार अली, हरेंद्र सिंह, लक्ष्मण सिंह, संजय कुमार, रूपेश सिंह, अमित यादव, सुधीर, सुभाष, विपिन सरोज, प्रमोद कुमार और अनिल पाण्डेय सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। विभाग ने स्पष्ट किया कि ओवरस्पीड वाहनों के विरुद्ध यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
