जौनपुर
एसएसपी ने सिकरारा थाने का किया औचक निरीक्षण, अपराध नियंत्रण पर जोर
लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण, कांवड़ यात्रा सुरक्षा और शातिर अपराधियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
थाना कार्यालय से मालखाना तक व्यवस्थाओं का लिया जायजा, पुलिसकर्मियों को आमजन के प्रति संवेदनशील रहने की नसीहत
सिकरारा (जौनपुर)। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने गुरुवार को थाना सिकरारा का औचक निरीक्षण कर पुलिस व्यवस्था और कानून-व्यवस्था से जुड़े कार्यों की गहन समीक्षा की। उन्होंने थाना कार्यालय, सीसीटीएनएस कक्ष, शस्त्रागार, हवालात, मालखाना तथा थाना परिसर का निरीक्षण करते हुए साफ-सफाई, अभिलेखों के रखरखाव और लंबित विवेचनाओं की प्रगति का जायजा लिया।
अपराधियों के खिलाफ प्रभावी अभियान चलाने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने अपराध नियंत्रण को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए सक्रिय और शातिर अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने हिस्ट्रीशीट खोलने, गुंडा एक्ट, गैंगस्टर एक्ट और जिला बदर जैसी कानूनी कार्रवाई तेज करने के साथ कुख्यात अपराधियों को चिह्नित कर उन्हें आपराधिक माफिया घोषित कराने तथा उनके गैंग का डीसीआरबी में पंजीकरण कराने पर जोर दिया।
कांवड़ यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा
आगामी कांवड़ यात्रा और सावन माह को देखते हुए एसएसपी ने संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने, नियमित गश्त बढ़ाने और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल को पूरी तरह तैयार रहने के निर्देश दिए। उन्होंने ऑपरेशन वज्रपात के तहत मनबढ़ और आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई जारी रखने को कहा।
सोशल मीडिया निगरानी और जनसुनवाई पर दिया जोर
एसएसपी ने सोशल मीडिया की निगरानी बढ़ाने तथा आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने वाले खातों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने ऐसे व्यक्तियों के परिजनों की काउंसलिंग कर उन्हें अपराध की राह से दूर रखने पर भी बल दिया। साथ ही पुलिसकर्मियों को आमजन के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाने, शिकायतों का निष्पक्ष एवं त्वरित निस्तारण करने तथा कानून-व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने की हिदायत दी।
प्रशिक्षु आरक्षियों से भी किया संवाद
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने थाने में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे आरक्षियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। इस अवसर पर सहायक पुलिस अधीक्षक (नगर/अपराध) गोल्डी गुप्ता सहित थाना सिकरारा के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
