गोरखपुर
एयरपोर्ट पर सतर्कता जागरूकता सप्ताह शुरू, कर्मचारियों ने ली ईमानदारी की शपथ
1 नवंबर तक चलेगा अभियान, इस वर्ष की थीम ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’
गोरखपुर। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) के गोरखपुर हवाई अड्डे पर सोमवार को सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026 का शुभारंभ हुआ। 26 अक्टूबर से 1 नवंबर तक चलने वाले इस अभियान की थीम ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ रखी गई है।
कार्यक्रम में हवाई अड्डे के निदेशक संजय कुमार ने अधिकारियों, कर्मचारियों और सुरक्षा एजेंसियों के प्रतिनिधियों को सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाई। सभी ने अपने कार्यों में पारदर्शिता, निष्पक्षता और जवाबदेही बनाए रखने तथा भ्रष्टाचार के उन्मूलन के लिए प्रतिबद्ध रहने का संकल्प लिया।
केंद्रीय सतर्कता आयोग की ओर से प्रतिवर्ष आयोजित इस अभियान का उद्देश्य सार्वजनिक जीवन और प्रशासनिक कार्यप्रणाली में ईमानदारी एवं पारदर्शिता को बढ़ावा देना है। इस वर्ष की थीम के माध्यम से यह संदेश दिया जा रहा है कि सुशासन, जनविश्वास और दीर्घकालिक समृद्धि के लिए नैतिक मूल्यों का पालन आवश्यक है।
भ्रष्टाचार की रोकथाम पर जोर
कार्यक्रम के दौरान निवारक सतर्कता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा गया कि भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के लिए केवल अनियमितताओं का पता लगाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि मजबूत प्रक्रियाओं, प्रभावी आंतरिक नियंत्रण और स्पष्ट जवाबदेही की व्यवस्था भी जरूरी है।
सतर्कता जागरूकता सप्ताह के तहत हवाई अड्डे पर अधिकारियों और कर्मचारियों को नैतिक मूल्यों, भ्रष्टाचार निवारण तथा सुशासन के प्रति जागरूक किया जाएगा। कार्यक्रम में संदेश दिया गया कि ईमानदारी और पारदर्शिता बनाए रखना प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी की सामूहिक जिम्मेदारी है। सत्यनिष्ठा को कार्यसंस्कृति का हिस्सा बनाकर ही जवाबदेह और विश्वसनीय प्रशासनिक व्यवस्था स्थापित की जा सकती है।
