Connect with us

वाराणसी

आवारा कुत्तों से परेशान शहरवासी, नगर निगम से कार्रवाई की मांग

Published

on

Loading...
Loading...

वाराणसी। शहर में आवारा कुत्तों का बढ़ता आतंक अब शहरवासियों के लिए बड़ी परेशानी बनता जा रहा है। शहर के अलग-अलग इलाकों में कुत्तों के झुंड खुलेआम सड़कों पर घूमते नजर आ रहे हैं। ये राह चलते लोगों के साथ-साथ बाइक सवारों को भी दौड़ा रहे हैं, जिससे लोगों में डर का माहौल पैदा हो गया है और सड़क दुर्घटनाओं का खतरा भी लगातार बढ़ रहा है।

पिछले एक महीने के आंकड़ों पर नजर डालें तो करीब दो हजार से अधिक लोग कुत्तों के काटने का शिकार हो चुके हैं। वहीं, कुत्तों से बचने के दौरान भागते समय 27 लोग गिरकर घायल भी हुए हैं। इनमें कई लोगों को गंभीर चोटें आईं और कुछ की हड्डियां तक टूट गईं। लगातार बढ़ रही घटनाओं ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

रात होते ही हालात और ज्यादा खराब हो जाते हैं। अंधेरे में सड़कों पर कुत्तों के झुंड अधिक सक्रिय दिखाई देते हैं, जिसके कारण लोगों का बाहर निकलना मुश्किल हो रहा है। नौकरीपेशा लोग और देर रात घर लौटने वाले नागरिक सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि कई बार कुत्ते अचानक वाहन चालकों के पीछे दौड़ पड़ते हैं। इससे बाइक सवारों का संतुलन बिगड़ जाता है और हादसे हो जाते हैं। बच्चों और बुजुर्गों के लिए भी यह स्थिति बेहद खतरनाक साबित हो रही है।

शहरवासियों ने इस समस्या को लेकर नगर निगम से जल्द प्रभावी कदम उठाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि आवारा कुत्तों की संख्या नियंत्रित करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए और रात में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाए, ताकि नागरिकों को राहत मिल सके।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page