वायरल
आधार में नाम और पता अपडेट कराने वालों को UIDAI ने दी बड़ी राहत
नई दिल्ली। भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) ने myAadhaar पोर्टल पर मुफ्त ऑनलाइन दस्तावेज अपडेट करने की सुविधा की अवधि को एक और वर्ष के लिए बढ़ा दिया है। अब आधार धारक 14 जून, 2027 तक बिना किसी शुल्क के अपने दस्तावेज ऑनलाइन अपडेट करा सकेंगे।
इस संबंध में 13 मई, 2026 को जारी आधिकारिक ज्ञापन में जानकारी दी गई। UIDAI के अनुसार, पोर्टल के माध्यम से आधार विवरण को डिजिटल तरीके से अपडेट करने के लिए लोगों की ओर से मिले बेहतर प्रतिसाद को देखते हुए यह अवधि बढ़ाने का फैसला लिया गया है।
यह सुविधा उपयोगकर्ताओं को myAadhaar प्लेटफॉर्म के जरिए पहचान प्रमाण (PoI) और पते के प्रमाण (PoA) दस्तावेज ऑनलाइन अपडेट करने की अनुमति देती है। इसके लिए उन्हें आधार केंद्रों पर दस्तावेज अपडेट कराने में लगने वाले शुल्क का भुगतान नहीं करना पड़ेगा।
ऑनलाइन आधार दस्तावेज अपडेट करने के लिए उपयोगकर्ता myAadhaar पोर्टल पर जाकर प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
नाम ऑनलाइन अपडेट करने के लिए उपयोगकर्ताओं को सबसे पहले आधार संख्या और OTP के जरिए लॉग इन करना होगा। इसके बाद वैध PoI और PoA दस्तावेजों की स्कैन कॉपी अपलोड करनी होगी। फिर ऑनलाइन अनुरोध जमा करना होगा और आवेदन की स्थिति ट्रैक करने के लिए 14 अंकों की अपडेट रिक्वेस्ट नंबर (URN) सुरक्षित रखना होगा।
वहीं, पता ऑनलाइन अपडेट करने के लिए उपयोगकर्ताओं को आधार स्व-सेवा अपडेट पोर्टल पर लॉग इन करना होगा। इसके बाद ‘Proceed to Update Address’ विकल्प पर क्लिक कर नया पता दर्ज करना होगा और आवश्यक प्रमाण पत्र अपलोड करना होगा। अनुरोध जमा करने के बाद ट्रैकिंग के लिए URN नोट करना जरूरी होगा। अनुरोध स्वीकृत होने के बाद उपयोगकर्ता अपडेटेड आधार को ऑनलाइन डाउनलोड भी कर सकेंगे।
