गोरखपुर
आंधी-पानी में पोल समेत ट्यूबवेल का ट्रांसफार्मर गिरा, धान की नर्सरी प्रभावित
बिजली आपूर्ति ठप होने से किसानों की बढ़ी परेशानी
हरपुर-बुदहट। सहजनवां ब्लॉक की ग्राम पंचायत बुदहट के टोला सेमरी स्थित सीवान में लगाए गए राजकीय ट्यूबवेल की विद्युत व्यवस्था आंधी-पानी में क्षतिग्रस्त हो जाने से किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ट्यूबवेल बंद होने के कारण किसान समय पर धान की नर्सरी नहीं डाल पा रहे हैं।
तेज आंधी में टूट गया पोल और ट्रांसफार्मर
ग्रामीणों के अनुसार क्षेत्र में सिंचाई सुविधा के लिए स्थापित 388 जीजी ट्यूबवेल को संचालित करने हेतु विद्युत विभाग द्वारा पोल और ट्रांसफार्मर लगाया गया था। कुछ दिन पूर्व आई तेज आंधी और बारिश के दौरान पोल टूटकर ट्रांसफार्मर सहित धराशायी हो गया, जिससे ट्यूबवेल की बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई।
शिकायत के बावजूद नहीं हुई कार्रवाई
किसानों का आरोप है कि घटना के बाद विद्युत उपकेंद्र अनंतपुर-हरपुर को इसकी सूचना दी गई थी, लेकिन अब तक न तो नया पोल लगाया गया और न ही ट्रांसफार्मर को पुनः स्थापित किया गया। इससे क्षेत्र के किसानों की खेती प्रभावित हो रही है।
ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
समस्या के समाधान में हो रही देरी से नाराज किसानों और ग्रामीणों ने गुरुवार को प्रदर्शन कर शीघ्र पोल गाड़कर ट्रांसफार्मर स्थापित करने तथा ट्यूबवेल की बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की।
प्रदर्शन में कृष्ण मोहन शुक्ला, सत्यानंद उर्फ कोदई शुक्ला, लक्ष्मी नारायण शुक्ला, रामतेज चौहान, रणविजय चौहान, अजय शुक्ला, लल्लू शुक्ला सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।
जल्द बहाल होगी बिजली आपूर्ति
इस संबंध में अवर अभियंता प्रवीन प्रसाद ने बताया कि मामला संज्ञान में है। आवश्यक पोल जल्द उपलब्ध होने वाला है। पोल आते ही उसे स्थापित कर ट्रांसफार्मर लगाया जाएगा और ट्यूबवेल की बिजली आपूर्ति पुनः चालू कर दी जाएगी।
किसानों को शीघ्र समाधान की उम्मीद
धान की नर्सरी तैयार करने का समय होने के कारण किसान जल्द से जल्द ट्यूबवेल चालू कराने की मांग कर रहे हैं, ताकि सिंचाई प्रभावित न हो और खेती का कार्य समय पर पूरा हो सके।
