भदोही
आंगनबाड़ी केंद्रों की छुट्टियां 24 जून तक बढ़ाई गईं
भीषण गर्मी और लू के प्रकोप को देखते हुए जिलाधिकारी ने जारी किया आदेश
अवकाश अवधि में पोषण, स्वास्थ्य जांच और विभागीय कार्य नियमित रूप से जारी रहेंगे
भदोही। जनपद में पड़ रही तेज धूप, प्रचण्ड गर्मी एवं लू के प्रभाव को देखते हुए आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों की सुरक्षा के लिए अवकाश अवधि को बढ़ा दिया गया है। जिलाधिकारी शैलेष कुमार के निर्देश के क्रम में समस्त आंगनबाड़ी केंद्र अब 24 जून 2026 तक बंद रहेंगे।
पूर्व में ग्रीष्मकालीन सत्र के दौरान 20 मई 2026 से 15 जून 2026 तक आंगनबाड़ी केंद्रों का संचालन स्थगित किया गया था। इसके बाद उत्तर प्रदेश शासन के अपर मुख्य सचिव, बेसिक शिक्षा एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग द्वारा परिषदीय विद्यालयों में ग्रीष्मकालीन अवकाश 20 जून 2026 तक बढ़ाए जाने के निर्देश जारी किए गए।
चूंकि आंगनबाड़ी केंद्रों में अध्ययनरत बच्चे प्राथमिक विद्यालयों के बच्चों से भी कम आयु के होते हैं, इसलिए उनकी सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए केंद्रों पर 24 जून 2026 तक अवकाश घोषित किया गया है।
हालांकि अवकाश अवधि के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं द्वारा विभागीय कार्य नियमित रूप से किए जाएंगे। इनमें लाभार्थियों को अनुपूरक पुष्टाहार वितरण, बच्चों का वजन लेना, गृह भ्रमण, पोषण ट्रैकर पर फीडिंग, निर्धारित कैलेंडर के अनुसार सामुदायिक गतिविधियों का आयोजन, वीएचएसएनडी सत्र तथा आरबीएसके टीम द्वारा बच्चों की स्वास्थ्य जांच एवं आवश्यक संदर्भन कार्य शामिल हैं।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवकाश अवधि के दौरान बिना सक्षम अधिकारी की अनुमति के कोई भी आंगनबाड़ी कार्यकत्री या सहायिका केंद्र अथवा मुख्यालय छोड़कर बाहर नहीं जाएगी।
