चन्दौली
कमालपुर बाजार व्यापार मंडल के अध्यक्ष बने आनंद रस्तोगी
व्यापार मंडल चुनाव में 558 व्यापारियों ने किया मतदान, दिलीप त्रिशूलिया महामंत्री और विनोद अग्रहरि निर्विरोध कोषाध्यक्ष निर्वाचित
कमालपुर (चंदौली)। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के तत्वावधान में कमालपुर बाजार व्यापार मंडल का चुनाव 30 अगस्त को रस्तोगी मैरिज लॉन में भारी गहमागहमी के बीच संपन्न हुआ। अध्यक्ष और महामंत्री पद के लिए मतदान कराया गया, जबकि कोषाध्यक्ष पद पर विनोद अग्रहरि निर्विरोध निर्वाचित हुए। चुनाव में कुल 594 सदस्य व्यापारी मतदाता थे, जिनमें से 558 व्यापारियों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
अध्यक्ष पद पर आनंद कुमार रस्तोगी ने 339 मत प्राप्त कर 127 मतों के अंतर से जीत दर्ज की। उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी भरत कुमार रस्तोगी को 212 मत मिले, जबकि सात मत निरस्त हुए। वहीं महामंत्री पद के लिए तीन प्रत्याशी मैदान में थे। दिलीप त्रिशूलिया को 219 मत मिले और उन्होंने 42 मतों से विजय हासिल की। रितेश पांडेय को 177 और राजकुमार मौर्या को 154 मत प्राप्त हुए। महामंत्री पद पर आठ मत निरस्त किए गए।
नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को प्रमाणपत्र देकर किया सम्मानित
मुख्य चुनाव अधिकारी राकेश मोदनवाल ने चुनाव परिणाम घोषित करने के साथ सभी विजयी प्रत्याशियों को प्रमाणपत्र प्रदान किए। उन्होंने चुनाव में सहयोग करने वाले सभी लोगों को शुभकामनाएं दीं।
जिलाध्यक्ष लक्ष्मीकांत अग्रहरि ने अध्यक्ष आनंद रस्तोगी, महामंत्री दिलीप त्रिशूलिया और कोषाध्यक्ष विनोद अग्रहरि को बधाई देते हुए कहा कि तीनों पदाधिकारी मिलकर बाजार के व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए कार्य करें। उन्होंने व्यापारी हितों के लिए लगातार संघर्ष करने और जिला व्यापार मंडल की बैठकों में भाग लेकर संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया।
पर्यवेक्षक एवं प्रदेश मंत्री चंद्रेश्वर जायसवाल ने भी चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में सहयोग करने वाले पदाधिकारियों, व्यापारियों और प्रशासन का आभार जताया।
22 दिनों से बनी थी चुनाव को लेकर गहमागहमी
कमालपुर बाजार में व्यापार मंडल के गठन को लेकर पिछले 22 दिनों से सरगर्मी बनी हुई थी। अध्यक्ष, महामंत्री और कोषाध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर व्यापारियों में खासा उत्साह था। महिला व्यापारी मतदाताओं ने भी बढ़-चढ़कर मतदान में हिस्सा लिया।
चुनाव कार्यक्रम में अशोक केशरी, महमूद आलम, सतीश गुप्ता, कुंदन चौहान, चंदन सेठ, संतलाल मौर्य, दिनेश रस्तोगी, जयप्रकाश यादव, अजहर खान, भानु यादव, राजीव अग्रहरि, प्रदीप उर्फ बंटी, रामबाबू, संतोष कुमार, धीरज अग्रहरि, धर्मेंद्र गुप्ता, निखिल गुप्ता, किशन कुमार और कमल सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
