गाजीपुर
वायुसेना के जवान आत्मा राम को नम आंखों से दी गयी अंतिम विदाई

गाजीपुर (जयदेश)। जंगीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम अंधऊ निवासी वायुसेना के जवान आत्मा राम (27 वर्ष) का पार्थिव शरीर जब उनके गांव पहुंचा तो पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। जवान के अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हुए। भाजपा जिलाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह, जिला महामंत्री प्रवीण कुमार सिंह, जिला मीडिया प्रभारी शशिकांत शर्मा, जिला मंत्री सुरेश बिंद, भाजयुमो महामंत्री अविनाश सिंह, पिछड़ा मोर्चा अध्यक्ष अनिल राजभर, अतुल श्रीवास्तव, प्रदीप राजभर सहित अन्य भाजपा कार्यकर्ता भी मौके पर मौजूद रहे।
जवान के दरवाजे पर पहुंचकर नेताओं और स्थानीय लोगों ने उनके पार्थिव शरीर पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। सभी ने इस वीर जवान के बलिदान को नमन करते हुए उनके परिवार के प्रति संवेदनाएं प्रकट कीं।
भाजपा जिलाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह ने कहा, “आत्मा राम ने देश की रक्षा में अपना जीवन समर्पित किया। उनका बलिदान देश हमेशा याद रखेगा। उनका यह बलिदान युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा।” उन्होंने शोक संतप्त परिवार को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।
गांव में मौजूद अन्य नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी जवान को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि देश के लिए उनका योगदान अमूल्य है।
जवान आत्मा राम का अंतिम संस्कार पूरे सैन्य सम्मान के साथ किया गया। वायुसेना के जवानों ने उनकी पार्थिव देह पर पुष्प अर्पित किए और सलामी दी। गांव के लोगों ने ‘भारत माता की जय’ और ‘आत्मा राम अमर रहें’ के नारों के साथ उन्हें अंतिम विदाई दी। इस मौके पर बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग, जवान के रिश्तेदार और प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहे।