सोनभद्र
सोनभद्र: मुठभेड़ में 25,000 के इनामी दो बदमाश गिरफ्तार
सोनभद्र जिले के थाना रॉबर्ट्सगंज पुलिस ने सुकृत क्षेत्र में ट्रक चालक के साथ हुई लूट की घटना में शामिल 25,000 रुपये के इनामी दो बदमाशों को गुरुवार की रात मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की गोली लगने से दोनों बदमाश घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल लोढ़ी भेजा गया।
पुलिस ने इनके पास से एक पल्सर मोटरसाइकिल, दो अवैध तमंचे, 315 बोर के दो जिंदा और दो खोखा कारतूस, दो मोबाइल और लूटे गए 16,500 रुपये बरामद किए।यह घटना 3 जनवरी की रात की है, जब ट्रक चालक विजय सिंह से सुकृत क्षेत्र में कुछ अज्ञात बदमाशों ने एक लाख रुपये और मोबाइल लूट लिया था।
विजय सिंह ने 4 जनवरी को थाना रॉबर्ट्सगंज में इसकी तहरीर दी जिसके आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया।गुरुवार रात मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बिना नंबर प्लेट की पल्सर मोटरसाइकिल का पीछा किया। बदमाशों ने भागने की कोशिश में पुलिस पर फायरिंग की।
जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने दोनों को पैर में गोली मारकर गिरफ्तार किया।गिरफ्तार बदमाशों की पहचान साहिल यादव और राहुल यादव के रूप में हुई है। दोनों वाराणसी के निवासी हैं। साहिल यादव के खिलाफ वाराणसी और चंदौली में पांच आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। मामले में पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है। गिरफ्तारी में पुलिस टीम का नेतृत्व रॉबर्ट्सगंज के प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र कुमार राय ने किया। टीम में चौकी प्रभारी और अन्य पुलिसकर्मी भी शामिल थे।
