चन्दौली
सीएमएस हटाने की मांग, डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ ने दी इस्तीफे की धमकी
वाराणसी। दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल में सीएमएस को हटाने की मांग को लेकर डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ ने सामूहिक इस्तीफे की धमकी दी है। इस मामले को शासन ने गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। अपर निदेशक डॉ. नीता कुलश्रेष्ठ ने गुरुवार को डॉक्टरों और सीएमएस से अलग-अलग बातचीत की लेकिन कोई ठोस समाधान नहीं निकल सका।
डॉक्टर सीएमएस पर मनमानी और कर्मचारियों को परेशान करने का आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग पर अड़े हैं।
मंगलवार को 33 डॉक्टरों और 40 पैरामेडिकल स्टाफ ने जिलाधिकारी और अन्य अधिकारियों को पत्र लिखकर अपनी शिकायतें दर्ज कराई थीं। उनका कहना है कि तीन दिन में कार्रवाई न होने पर वे सामूहिक त्याग पत्र देंगे।
अपर निदेशक ने डॉक्टरों से कहा है कि मनमुटाव को खत्म कर मरीजों के हित में काम करें। वहीं शिकायतकर्ता डॉक्टरों का कहना है कि बातचीत से कोई नतीजा नहीं निकला। पीएमएस के सचिव डॉ. आरएन सिंह ने बताया कि यदि सोमवार तक कार्रवाई नहीं हुई तो डॉक्टरों के साथ बैठक कर अगली रणनीति बनाई जाएगी।
