वाराणसी
बीएचयू में मिली शिक्षा ने जीवन में दिखायी सफलता की दिशा : जय चौधरी
स्वतंत्रता भवन में 14 दिसंबर को जय चौधरी का संबोधन, छात्र-छात्राओं को करेंगे प्रेरित
बीएचयू के पूर्व छात्र और 104वें दीक्षांत समारोह के मुख्य अतिथि अरबपति जय चौधरी 14 दिसंबर को स्वतंत्रता भवन सभागार में छात्र-छात्राओं को 45 मिनट तक संबोधित करेंगे।
सोमवार को उन्होंने बीएचयू को संदेश भेजते हुए कहा कि विश्वविद्यालय ने उन्हें रिस्क लेने की भावना सिखाई। यही कैंपस था जिसने उन्हें सपने दिखाए और उन्हें पांच बड़ी कंपनियां स्थापित करने की प्रेरणा दी।
दुनिया के टॉप-100 प्रभावशाली उद्यमियों में शुमार जय चौधरी जो जीस्केलर के सीईओ हैं 185 देशों के 34 करोड़ लोगों को साइबर खतरों से बचा रहे हैं। उनकी कंपनी ने पिछले एक साल में 5810 करोड़ साइबर खतरों को ब्लॉक किया है।
कंपनी की कुल वैल्यू 3.4 अरब डॉलर है। जय चौधरी ने 1980 में बीएचयू के इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (अब आईआईटी बीएचयू) से इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में बी.टेक. की डिग्री प्राप्त की थी।
दीक्षांत से पहले जारी किए गए संदेश में जय चौधरी ने कहा कि बीएचयू ने उन्हें चुनौतियों का सामना करना सिखाया और प्रेरित किया। यहां से ही उन्हें सहयोग का महत्व समझने को मिला और यहां की शिक्षा ने उन्हें जीवन में सफलता की दिशा दिखाई। उन्होंने पांच कंपनियां स्थापित की हैं, जिनमें जीस्केलर प्रमुख है।
बीएचयू से इंजीनियरिंग करने के बाद जय चौधरी ने यूनिवर्सिटी ऑफ सिनसिनाटी से एमबीए, कंप्यूटर इंजीनियरिंग और इंडस्ट्रियल इंजीनियरिंग में एमएस की डिग्री भी हासिल की थी।
इसके साथ ही उन्होंने हार्वर्ड बिजनेस स्कूल से एक्जीक्यूटिव मैनेजमेंट प्रोग्राम भी किया।दीक्षांत समारोह में छात्रों को संबोधित करते हुए जय चौधरी ने उन्हें अपनी जुनून की खोज करने और उसे पूरी लगन से अपनाने की सलाह दी।
उन्होंने कहा कि कभी भी जोखिम लेने से न डरें क्योंकि यही सिद्धांत उन्हें अपने सपनों को पूरा करने में मददगार साबित हुआ।
