वाराणसी
पश्चिमी विक्षोभ के असर से तापमान में उतार-चढ़ाव, कोहरा बढ़ायेगा मुश्किलें
वाराणसी। पिछले कुछ दिनों से दिनभर चटख धूप के कारण ठंड से राहत महसूस हो रही थी, लेकिन अब मौसम ने करवट लेनी शुरू कर दी है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तर-पश्चिम भारत में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। वाराणसी और आसपास के जिलों में बूंदाबांदी होने की संभावना जताई जा रही है। साथ ही, घने कोहरे की स्थिति बनने के साथ तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है।
राज्य कृषि मौसम केंद्र के विशेषज्ञ अतुल कुमार सिंह ने बताया कि प्रदेश में तेज पछुआ हवाओं के चलते पिछले तीन दिनों में तापमान में 3-4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। अब सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के 8 और 9 दिसंबर को प्रदेश के मौसम को प्रभावित करने की संभावना है। इसके असर से पूर्वांचल सहित उत्तरी इलाकों में हल्की बारिश और बूंदाबांदी हो सकती है।

विशेषज्ञों के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से अधिकतम तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है, जबकि न्यूनतम तापमान में 3-4 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि संभावित है। हालांकि, 10 दिसंबर से विक्षोभ के गुजरने के बाद न्यूनतम तापमान में तेज गिरावट आएगी और यह 2-4 डिग्री सेल्सियस तक नीचे जा सकता है।
10 दिसंबर की सुबह से प्रदेश के कई हिस्सों में घने कोहरे की स्थिति बनने की संभावना है। खासकर तराई इलाकों और पूर्वांचल के जिलों में कोहरा और अधिक घना हो सकता है। विशेषज्ञों ने किसानों और यात्रियों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के बाद प्रदेश में सर्दी का प्रकोप बढ़ेगा। आने वाले दिनों में सुबह-शाम ठंड बढ़ने के साथ धुंध और कोहरा छाया रह सकता है। इससे सामान्य जनजीवन पर असर पड़ने की संभावना है।
