दुर्घटना
गोंदिया: बस दुर्घटना में एक दर्जन से अधिक की मौत, कई घायल
मुख्यमंत्री ने की 10 लाख रुपये सहायता की घोषणा
महाराष्ट्र के गोंदिया जिले से शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई। गोंदिया-कोहमारा स्टेट हाईवे पर खजरी गांव के पास शिवशाही बस के पलटने से हुए भीषण हादसे में एक दर्जन से अधिक लोगों की जान चली गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। घायलों में से कई की हालत गंभीर बताई जा रही है जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है।
दुर्घटना का कारण बाइक को बचाने की कोशिश
प्राप्त जानकारी के अनुसार शिवशाही बस खजरी गांव के पास तेज रफ्तार में थी। उसी दौरान एक बाइक को बचाने के प्रयास में बस चालक ने नियंत्रण खो दिया जिससे बस पलट गई। हादसे के बाद बस के नीचे दबने से कुछ यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई।
दुर्घटना के बाद घटना स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से बस के नीचे दबे यात्रियों को बाहर निकाला गया। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
मुख्यमंत्री ने की सहायता की घोषणा
घटना पर दुख व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने मृतकों के परिजनों को 10 लाख रुपये की तत्काल सहायता देने का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार घायलों के इलाज का पूरा खर्च उठाएगी और पीड़ित परिवारों को हरसंभव मदद दी जाएगी।
जांच के आदेश जारी
पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में बाइक को बचाने के प्रयास को हादसे की वजह बताया जा रहा है। इस हादसे ने सड़क सुरक्षा और ट्रैफिक नियमों के पालन को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
