अपराध
धान के खेत में मिला किसान का शव, जांच में जुटी पुलिस
गमछे से गला पर कसाव और सिर पर चोट के निशान
तुलसीपुर (गाजीपुर)। करंडा थाना क्षेत्र के तुलसीपुर गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। शनिवार शाम से लापता किसान रामा बिंद (65) का शव रविवार सुबह धान के खेत में पड़ा मिला। मृतक का गला उसी के गमछे से कसा गया था और सिर पर गंभीर चोट के निशान थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
शाम को घर लौटते वक्त हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, रामा बिंद शनिवार शाम करीब 6 बजे दीनापुर से गेहूं का बीज खरीदकर साइकिल से घर लौट रहे थे। लेकिन शाम 6:30 बजे के बाद से उनका मोबाइल बंद हो गया। अगले दिन सुबह उनकी साइकिल दीनापुर-तुलसीपुर मार्ग पर फेंकी हुई मिली, जबकि शव कुछ दूरी पर धान के खेत में पाया गया।
हत्या की आशंका, ग्रामीणों ने जताया शक
ग्रामीणों ने बताया कि घटनास्थल के पास शनिवार शाम तीन-चार लोग शराब पीते हुए देखे गए थे। संभावना जताई जा रही है कि हत्यारे पहले से ही रामा बिंद का इंतजार कर रहे थे। पुलिस को अंदेशा है कि हत्या के बाद शव को खेत में फेंका गया और साइकिल को दूर ले जाकर छोड़ दिया गया।

झाड़-फूंक से जुड़ा विवाद हत्या का कारण?
मृतक रामा बिंद खेती के अलावा झाड़-फूंक का काम भी करते थे। ग्रामीणों के अनुसार, पास के गांव के कुछ युवकों ने झाड़-फूंक को लेकर पहले भी रामा के साथ मारपीट की थी। पुलिस इस एंगल को भी ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
रामा बिंद अपने पीछे चार बेटियां और दो बेटे—शंभू और सुफेर छोड़ गए हैं। परिवार का कहना है कि रामा का किसी से कोई विवाद नहीं था, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
एसएचओ ने बताया कि हत्या के पीछे के कारणों का पता लगाने के लिए टीम बनाई गई है। घटना स्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।
