वाराणसी
अपराध समीक्षा बैठक में सीपी की सख्त चेतावनी- सामूहिक हत्याकांड का खुलासा नहीं तो नपेंगे भेलूपुर एसएचओ
भेलूपुर और जंसा थानेदारों को अल्टीमेटम
वाराणसी। पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने रविवार को अपराध समीक्षा बैठक में लापरवाह थानेदारों को कड़ी चेतावनी दी। भेलूपुर थाने के थानेदार को चेतावनी दी गई कि सामूहिक हत्याकांड का जल्द खुलासा नहीं किया गया तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। जबकि जंसा थानेदार को गोलीबारी कांड के आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी करने के निर्देश दिये।
पुलिस कमिश्नर ने शहर में बिना नंबर के वाहनों पर भी कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। एडीसीपी ट्रैफिक ने बताया कि शहर में हजारों वाहन बिना टेंपरेरी नंबर के सड़कों पर घूम रहे हैं। कमिश्नर ने वाहन एजेंसियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि बिना टेंपरेरी नंबर के वाहन नहीं दिए जाएं, अन्यथा कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
भेलूपुर हत्याकांड पर रिपोर्ट तलब
भेलूपुर में हुए सामूहिक हत्याकांड पर पुलिस कमिश्नर ने भेलूपुर इंस्पेक्टर से मामले की प्रगति पूछी। असहज नजर आ रहे इंस्पेक्टर ठोस जानकारी नहीं दे सके, जिसके बाद उन्हें मॉनीटरिंग बढ़ाने के निर्देश दिए गए।
बिना नंबर वाहनों पर सख्त निर्देश
बैठक में ट्रैफिक पुलिस ने बिना नंबर के वाहनों की बढ़ती संख्या का मुद्दा उठाया। कमिश्नर ने निर्देश दिए कि सभी वाहन एजेंसियों को बिना नंबर के वाहन न बेचने का निर्देश जारी किया जाए। साथ ही तीन सवारी वाहन और रूट से हटकर चलने वाले ई-रिक्शाओं के चालान करने के निर्देश दिए गए।
हत्या-लूट के मामलों में तत्काल कार्रवाई
हत्या, लूट, चोरी जैसे गंभीर अपराधों में एसीपी और एडीसीपी को तुरंत घटनास्थल पर पहुंचने का निर्देश दिया गया। इन मामलों में दोषियों पर गैंगस्टर की कार्रवाई करने और हिस्ट्रीशीट खोलने के निर्देश भी दिए गए।
अपराधियों की सख्त निगरानी
महिला एवं बच्चों के खिलाफ अपराध रोकने के लिए एंटी रोमियो टीम को बाजारों और स्कूलों के आसपास सक्रिय रहने का निर्देश दिया गया। पुलिस कमिश्नर ने स्पष्ट किया कि किसी भी आपराधिक घटना का जल्द खुलासा न करने पर संबंधित थानेदारों पर सख्त कार्रवाई होगी।
