अपराध
तेरहवीं से लौट रहे शिक्षक पर जानलेवा हमला, दो गिरफ्तार
वाराणसी के फूलपुर थाना क्षेत्र में करखियांव रेलवे क्रासिंग के पास शनिवार रात एक शिक्षक पर उनके ही पूर्व छात्र और उसके साथियों ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। इस हमले में शिक्षक रामबाबू गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
तेरहवीं से लौटते वक्त हुआ हमला
घटना शनिवार रात करीब 8 बजे की है। पतिराजपुर निवासी शिक्षक रामबाबू (30 वर्ष) अपने साथी राधेश्याम यादव के साथ एक तेरहवीं में शामिल होकर करखियांव से लौट रहे थे। तभी खालिसपुर के संत नारायण बाबा पब्लिक इंटर कॉलेज के पूर्व छात्र अमन गौड़ अपने भाइयों और साथियों के साथ बाइक पर वहां पहुंचा और रामबाबू की बाइक को रोककर उन पर हमला कर दिया। धारदार हथियार से सिर पर वार होने के बाद शिक्षक खून से लथपथ होकर सड़क पर गिर पड़े।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, दो आरोपी गिरफ्तार
रामबाबू की शिकायत पर पुलिस ने अमन गौड़, उसके पिता संतोष, दादा कैलाश, और अन्य साथियों अनमोल सिंह, दीपक विश्वकर्मा सहित पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया। पुलिस ने इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार सिंह के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए संतोष और दीपक विश्वकर्मा को गिरफ्तार कर लिया है।
इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां उन्हें 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के प्रयास में लगी है।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और पीड़ित को न्याय दिलाने के हर संभव प्रयास किए जाएंगे।
