अपराध
पुलिस की मुठभेड़ में एक बदमाश घायल, दो फरार
नोएडा। मंगलवार तड़के नोएडा थाना फेस-2 की पुलिस टीम ने एनएसईजेड नाले की पटरी पर चेकिंग अभियान के दौरान तीन बदमाशों का पीछा किया। मोटरसाइकिल पर सवार तीन संदिग्धों को रोकने का इशारा किया गया, लेकिन उन्होंने पुलिस के निर्देश को अनदेखा करते हुए भागने का प्रयास किया। पुलिस के पीछा करने पर उनकी बाइक असंतुलित होकर गिर गई। इसके बाद, बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया। उसकी पहचान बुलंदशहर निवासी राहुल (30 वर्ष) के रूप में हुई है। घायल बदमाश को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि उसके दो साथी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।
नोएडा पुलिस ने घायल बदमाश के पास से 0.315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिन्दा और एक खोखा कारतूस, बिना नंबर प्लेट की चोरी की गई अपाचे मोटरसाइकिल, एक जोड़ी चांदी की पायजेब और 10,400 रुपए नकद बरामद किया है।
आपराधिक इतिहास
बदमाश राहुल का आपराधिक रिकार्ड खंगालने पर पता चला कि उसके खिलाफ पहले से ही छह मुकदमे दर्ज हैं। वह अपने साथियों के साथ मिलकर लूटपाट, मोटरसाइकिल चोरी और घरों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था।
