अपराध
शाहदरा में डबल मर्डर, चाचा-भतीजे की गोली मारकर हत्या
एक हमलावार ने पैर छूने का नाटक किया फिर मार दी गोली
दिल्ली के शाहदरा जिले के फर्श बाजार इलाके में बृहस्पतिवार रात गोलीबारी की एक सनसनीखेज घटना में एक व्यक्ति और उसके नाबालिग भतीजे की हत्या कर दी गई, जबकि उसके बेटे को गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतकों की पहचान बिहारी कॉलोनी निवासी आकाश (40) और उनके भतीजे ऋषभ (16) के रूप में की गई है। आकाश के 10 वर्षीय बेटे कृष को भी गोली लगी है जिसका इलाज स्थानीय अस्पताल में चल रहा है।
पुलिस के अनुसार, यह वारदात रात करीब 8:30 बजे हुई जब आकाश अपने बेटे कृष और भतीजे ऋषभ के साथ घर के बाहर पूजा के बाद खड़े थे। तभी स्कूटी पर सवार दो बदमाश वहां पहुंचे। दोनों हमलावरों में से एक ने आकाश का पैर छूने का दिखावा किया लेकिन जैसे ही आकाश अंदर जाने लगे हमलावर ने उन पर फायरिंग कर दी। गोली लगते ही आकाश नीचे गिर गए। इस बीच ऋषभ ने बदमाशों का पीछा करने की कोशिश की, लेकिन उसे भी गोली मार दी गई। बाद में आकाश का बेटा कृष भी मौके पर पहुंचा और उसे भी बदमाशों ने निशाना बनाया। पुलिस के अनुसार, हमलावरों ने कुल 5 राउंड फायरिंग की और फिर मौके से फरार हो गए।
आरोपी की पहचान और जांच में जुटी पुलिस
पुलिस का मानना है कि यह हमला आपसी रंजिश के चलते हुआ है। मृतकों के परिजनों ने एक युवक लक्ष्य पर शक जताया है और उसके खिलाफ आरोप लगाया है। पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू कर दी है और एक नाबालिग को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
अधिकारियों का बयान
डीसीपी शाहदरा प्रशांत गौतम ने बताया कि “रात करीब 8:30 बजे हमें पीसीआर कॉल मिली, जिसमें बताया गया कि बिहारी कॉलोनी में गोलीबारी हुई है। मौके पर पहुंचने पर पता चला कि आकाश और उनके भतीजे ऋषभ की मौत हो चुकी है। प्रथम दृष्टया जांच में 5 राउंड गोलीबारी का पता चला है।”
