अपराध
एक ही परिवार के पांच लोगों की हत्या, महिला और दो बच्चे लापता
सुंदरगढ़। ओडिशा के सुंदरगढ़ सदर थाना क्षेत्र स्थित करमडीह गीतापाड़ा में मंगलवार देर रात जजावर समुदाय के दो गुटों के बीच हुई खूनी झड़प में एक ही परिवार के पांच सदस्यों की मौत हो गई। इस हिंसक घटना में तीन महिलाएं और दो पुरुष जान गंवा बैठे, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं और अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है। हमले के बाद हमलावरों ने एक महिला और उसके दो बच्चों को भी अपने साथ ले जाने की खबर है।
घुमंतू परिवार की त्रासदी
महाराष्ट्र के वर्धा क्षेत्र से आए जजावर समुदाय के अविनाश पवार अपने परिवार के नौ लोगों के साथ छह महीने पहले सुंदरगढ़ के करमडीह गीतापाड़ा में तंबू गाड़कर रह रहे थे। लोहे की कड़ाही और अन्य सामान बेचकर आजीविका चलाने वाले इस घुमंतू परिवार की जिंदगी मंगलवार रात अचानक खौफनाक मोड़ पर आ गई।

कुछ महीने पहले अविनाश की पहली पत्नी उसे छोड़कर एक अन्य युवक के साथ भाग गई थी। इसके बाद अविनाश ने ओडिशा के अनुगुल में रहने वाली एक विवाहित महिला को उसके दो बच्चों के साथ अपने पास ले आया था, जिसे लेकर अनुगुल के जजावर समुदाय के लोगों में नाराजगी थी। दोनों पक्षों में पहले भी झड़प हो चुकी थी।
रात 11 बजे फिर भड़की रंजिश
मंगलवार रात करीब 11 बजे अनुगुल से आए करीब आधा दर्जन लोगों ने अविनाश के तंबू पर हमला कर दिया। उनका इरादा अविनाश की दूसरी पत्नी और उसके बच्चों को जबरन वापस ले जाने का था। जब अविनाश और उसके परिवार के सदस्यों ने इसका विरोध किया तो हमलावरों ने तलवार और धारदार हथियारों से उन पर हमला कर दिया। इस हमले में एक ही परिवार के तीन महिलाओं और दो पुरुषों की मौत हो गई।

घटना के बाद से हमलावर फरार हैं। सुंदरगढ़ पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए चार टीमें गठित की हैं जो हमलावरों की तलाश में जुटी हैं। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास से मिले कुछ वीडियो फुटेज भी खंगाले हैं और कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि हमलावरों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
