अपराध
मूक बधिर के साथ पुजारी ने की दरिंदगी
पुजारी की पत्नी पर हत्या की कोशिश का आरोप
शामली। गढ़ीपुख्ता थाना क्षेत्र के एक गांव की 22 वर्षीय मूक-बधिर युवती के साथ बार-बार दुष्कर्म करने और गर्भपात कराने का मामला सामने आया है। इस घिनौनी हरकत में आरोपित गांव के ही मंदिर का पुजारी है। पुलिस ने आरोपित पुजारी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि उसकी पत्नी फरार बताई जा रही है।
पीड़िता की बहन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी 24 वर्षीय बहन जो मूक-बधिर है, रोजाना गांव के मंदिर में पूजा करने जाती थी। इस दौरान 22 अप्रैल 2024 को पुजारी ने बहलाकर उसे मंदिर के आवास में ले जाकर दुष्कर्म किया। इसके बाद भी पुजारी ने कई बार उसका शारीरिक शोषण किया, जिसके कारण वह गर्भवती हो गई। मामले की जानकारी होने पर पुजारी ने युवती को गर्भपात की दवाइयां खिलाकर जबरन गर्भपात करा दिया।
युवती ने इस घटना से तंग आकर सोमवार को फांसी लगाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया, लेकिन उसकी छोटी बहन ने देख लिया और उसे रोक लिया। बाद में युवती ने इशारों में अपनी छोटी बहन को इस घटना की जानकारी दी। छोटी बहन ने तुरंत स्वजनों को मामले से अवगत कराया।
पुजारी की पत्नी पर हत्या की कोशिश का आरोप
मंगलवार सुबह स्वजन जब पुजारी के पास घटना का विरोध करने पहुंचे, तो पुजारी की पत्नी ने युवती का गला दबाकर उसकी हत्या का प्रयास किया। स्वजनों की शिकायत पर पुलिस ने पुजारी और उसकी पत्नी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने पुजारी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि उसकी पत्नी की तलाश जारी है।
गढ़ीपुख्ता थाना प्रभारी अमरदीप ने बताया कि मामले की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुजारी को गिरफ्तार कर लिया गया है, और फरार पत्नी की तलाश की जा रही है।
