अपराध
सोनभद्र में पिता ने गला दबाकर 17 दिन की बच्ची की ली जान
सोनभद्र के हाथीनाला थाना क्षेत्र के साऊडीह गांव में मंगलवार की देर शाम एक हृदय विदारक घटना सामने आई। जहां एक पिता ने अपनी ही 17 दिन की नवजात बेटी की गला दबाकर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी पिता खुद बेटी के शव को लेकर थाने पहुंच गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है।
साऊडीह गांव निवासी रामरति की पत्नी ने 17 दिन पहले बेटी को जन्म दिया था जिसे दसमतिया नाम दिया गया था। पिछले कुछ दिनों से बच्ची की तबीयत खराब थी और माता-पिता उसे इलाज के लिए लेकर जा रहे थे। रास्ते में किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद गुस्साए रामरति ने पत्नी की गोद से बच्ची को छीन लिया और उसकी गला दबाकर हत्या कर दी।
इस दर्दनाक घटना के बाद पिता को अपने कृत्य का अहसास हुआ और वह रोते हुए बच्ची के शव को लेकर थाने पहुंचा। थाने पहुंचकर उसने पुलिस के सामने घटना का पूरा वृतांत बताया। पुलिस भी इस घटना से सन्न रह गई।
हाथीनाला थाना प्रभारी एसपी सिंह ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। बच्ची का जन्म दशहरा के दिन हुआ था और इस तरह की घटना ने पूरे क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है।
