अपराध
बच्चे की गर्दन पर चाकू रखकर बदमाशों ने की लाखों की लूटपाट
जौनपुर। जलालपुर थाना क्षेत्र के कबूलपुर गांव में मंगलवार रात कुछ बदमाशों ने एक घर में घुसकर 15 हजार रुपये नकद और करीब साढ़े चार लाख रुपये के गहने लूट लिए। इस दौरान बदमाशों ने एक मासूम बच्चे की गर्दन पर चाकू रखकर उसकी मां को डराया और लूटपाट की।
घटना के शिकार गांव निवासी इमरान की पत्नी तनवीर ने बताया कि वह अपने 12 वर्षीय पुत्र अयान के साथ मकान के दूसरे तल पर सो रही थीं। आधी रात करीब 12 बजे अचानक दो बदमाश कमरे में घुसे और अयान की गर्दन पर चाकू रखकर तनवीर को धमकाया। डर के मारे तनवीर ने अलमारी की चाबी बदमाशों को सौंप दी। बदमाशों ने अलमारी और लॉकर खोलकर उसमें रखे 15 हजार रुपये नकद और लाखों रुपये के जेवर लेकर फरार हो गए।
लुटेरे जाते-जाते नीचे से ऊपर आने वाली सीढ़ी के दरवाजे पर ताला लगाकर भाग निकले। उनके जाने के बाद तनवीर ने शोर मचाया, जिसके बाद घर के बाकी लोग ताला तोड़कर ऊपर पहुंचे और घटना की जानकारी ग्रामीणों को दी।
पीड़िता का पति सऊदी अरब में रहता है और घटना की सूचना ग्राम प्रधान मुजम्मिल ने पुलिस को दी। चौकी प्रभारी और थाना प्रभारी ने मौके पर पहुंचकर घटना की जांच की। थाना प्रभारी घनानंद त्रिपाठी ने बताया कि मामले की छानबीन जारी है और जल्द ही पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
