राज्य-राजधानी
पुलिस हिरासत में युवक की मौत, परिजनों ने किया हंगामा
लखनऊ के चिनहट थाना क्षेत्र में शनिवार को पुलिस हिरासत में एक युवक की मौत हो गई जिससे परिजनों में आक्रोश फैल गया। मृतक की पहचान 32 वर्षीय मोहित पांडे के रूप में हुई है, जो स्कूल ड्रेस बेचने का काम करता था। पुलिस के अनुसार उसकी तबीयत बिगड़ने के बाद उसे लोहिया अस्पताल ले जाया गया जहां उसकी मृत्यु हो गई।
मोहित के भाई शोभाराम का आरोप है कि पुलिस ने दोनों भाइयों को थाने में पीटा, जिससे मोहित की मौत हो गई। उनका कहना है कि शुक्रवार रात पुलिस ने लड़ाई-झगड़े के मामले में उन्हें हिरासत में लिया था और थाने में बेरहमी से मारपीट की।
शोभाराम ने बताया कि मोहित लॉकअप में मदद की गुहार लगाते हुए चिल्ला रहा था लेकिन पुलिसकर्मी उसे बचाने को तैयार नहीं थे।मोहित की मौत की खबर सुनकर परिजन लोहिया अस्पताल पहुंचे और सड़क पर जाम लगाकर नारेबाजी की।
स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने उन्हें जबरन अस्पताल के अंदर भेजा और स्थिति को संभालने के लिए अन्य थानों की फोर्स तैनात की। परिजनों ने चिनहट थाना प्रभारी को हटाने की मांग की है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच कर रही है।
