वायरल
बुलंदशहर में सिलेंडर फटने से छः की मौत, 10 घायल
बुलंदशहर। उत्तर प्रदेश में सोमवार रात एक दर्दनाक हादसा हुआ, जब एक घर में रखा सिलेंडर जोरदार धमाके के साथ फट गया। इस हादसे में एक ही परिवार के छह लोगों की मौत हो गई, जबकि दस अन्य घायल हो गए।
धमाका इतना जबरदस्त था कि मकान भी ढह गया। यह घटना सिकंदराबाद के आशापुरी कॉलोनी में रात लगभग 8:30 से 9 बजे के बीच हुई। हादसे के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर प्रशासन और पुलिस की टीमें पहुंच गईं।बताया जा रहा है कि धमाके के बाद रेस्क्यू ऑपरेशन तुरंत शुरू कर दिया गया। अब तक 8 लोगों को गंभीर हालत में मलबे से निकाला गया है। मृतकों में एक बच्ची, दो महिलाएं और तीन पुरुष शामिल हैं।
प्रशासन का कहना है कि घर में 18-19 लोग रहते थे। हालांकि अब तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि यह धमाका घरेलू एलपीजी सिलेंडर से हुआ या ऑक्सीजन सिलेंडर से।
बुलंदशहर के डीएम चंद्र प्रकाश सिंह ने जानकारी दी कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे का संज्ञान लिया है और राहत कार्यों को तेजी से करने के निर्देश दिए हैं। घायलों को बेहतर इलाज मुहैया कराने की व्यवस्था की जा रही है।
