अपराध
जौनपुर गोलीकांड में घायल सर्राफा व्यवसायी की मौत
जौनपुर जिले के डोभी क्षेत्र के बजरंगनगर बाजार कोइलारी मार्ग पर बदमाश की गोली से घायल सराफा व्यवसायी की रविवार देर शाम ट्रामा सेंटर में इलाज के दौरान मौत हो गई। बदमाशों ने बुधवार शाम को वारदात को अंजाम दिया था।
जानकारी के अनुसार, बीते बुधवार (9 अक्टूबर) की शाम को चकरा निवासी सर्राफा व्यवसायी विक्रांत सेठ (26 वर्ष) पुत्र चंद्र मोहन, कोइलारी बाजार में अपनी सर्राफा की दुकान से कार से घर लौट रहे थे। उसी दौरान बजरंगनगर-कोइलारी मार्ग पर स्थित अइलिया गांव के पास एक बदमाश ने उन्हें गोली मार दी।
गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग वहां पहुंचे और घायल व्यवसायी को तत्काल इलाज के लिए ट्रामा सेंटर ले जाया गया। इलाज के दौरान रविवार शाम उनकी मृत्यु हो गई। इस घटना के बारे में जानकारी देते हुए थानाध्यक्ष बृजेश कुमार गुप्ता ने बताया कि गोलीबारी में घायल हुए सर्राफा व्यवसायी ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
