राष्ट्रीय
अमेरिका ने भारत को सौंपी 297 प्राचीन बहुमूल्य कलाकृतियां
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपनी तीन दिवसीय अमेरिका यात्रा के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन और प्रथम महिला जिल बाइडन को विशेष उपहार दिए। मोदी ने राष्ट्रपति को चांदी की एक पुरानी ट्रेन का मॉडल भेंट किया। इसके साथ ही, अमेरिका ने भारत को उसकी 297 प्राचीन बहुमूल्य कलाकृतियां सौंपी हैं। इन कलाकृतियां को भारत से तस्करी के जरिए विदेश ले जाया गया था।

बता दें कि, पिछले 10 सालों में अमेरिका ने भारत को कुल 578 ऐतिहासिक वस्तुएं सौंपीं हैं। 2014 के बाद से भारत द्वारा बरामद की गई प्राचीन वस्तुओं की संख्या 640 हो गई है, जिनमें से 578 अमेरिका से लौटाई गई हैं। इनमें 12वीं शताब्दी की प्रसिद्ध कांस्य नटराज प्रतिमा भी शामिल थी। यह किसी भी देश द्वारा भारत को लौटाई गई सांस्कृतिक कलाकृतियों की सबसे बड़ी संख्या है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जताया जो बाइडेन का आभार
297 प्राचीन कलाकृतियों की वापसी पर प्रधानमंत्री मोदी ने अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन और अमेरिकी सरकार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, “हमें सांस्कृतिक जुड़ाव को और गहरा करना है और सांस्कृतिक संपत्तियों की अवैध तस्करी के खिलाफ लड़ाई को मजबूत करना है। मैं राष्ट्रपति बाइडेन और अमेरिकी सरकार का आभारी हूं कि उन्होंने भारत को 297 अमूल्य पुरावशेष लौटाए।”
