वाराणसी
स्कूटी सवार के हेलमेट पर टूटकर गिरा तार, एसडीओ ने नहीं उठाया फोन
वाराणसी। जिले के मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के महेशपुर के भिटारी में रविवार की दोपहर में बिजली का तार टूटकर स्कूटी सवार के हेलमट से टकराकर दूसरी ओर जा गिरा। इससे स्कूटी की सीट जल गई। अचानक हुई इस घटना से स्कूटी सवार को कुछ समझने का मौका नहीं मिला। वहीं स्थानीय लोगों के बीच चर्चाएं व्याप्त रहीं कि हेलमेट की वजह से स्कूटी सवार की जान बच गई।
जानकारी के अनुसार, लहरतारा बौलिया चौराहे से आगे जीटी रोड के पास महेशपुर से भिटारी जाने वाले रास्ते पर दोपहर करीब 12 बजे अचानक पोल से तार टूटकर गिर गया। जब यह घटना हुई तो उधर से लकड़ी का काम करने वाले कारीगर राजेंद्र विश्वकर्मा उधर से गुजर रहे थे। तार उनके हेलमेट पर गिरकर छिटककर सीट पर जा गिरा। इससे स्कूटी की सीट में आग लग गई।
आसपास के लोगों ने लकड़ी के डंडे की मदद से तार को किनारे किया। आसपास के लोगों ने बताया कि घटना की सूचना देने के लिए एसडीओ को फोन करने पर उन्होंने फोन भी नहीं उठाया। लोगों ने बताया कि तार जर्जर होने से आए दिन टूटकर गिरता है। कई बार एसडीओ सहित अन्य अधिकारियों से शिकायत की गई लेकिन किसी ने कुछ कार्रवाई नहीं की।
एक स्थानीय नागरिक ने बताया कि, जर्जर तार की चपेट में कभी भी कोई भी हादसा हो सकता है लेकिन बिजली विभाग और एसडीओ को इससे फर्क नहीं पड़ता। जब उनके घर का कोई सदस्य जर्जर तार की चपेट में आएगा तब शायद उनकी आंख खुले।
