मुम्बई
टीम इंडिया की विक्ट्री परेड के दौरान मची भगदड, कई दर्जन घायल, 10 अस्पताल में भर्ती
रिपोर्ट – धर्मेंद्र सिंह धर्मा, ब्यूरो चीफ मुंबई
मुंबई। भारतीय टीम ने गुरुवार 4 जुलाई को मुंबई में टी20 विश्व कप की जीत का जश्न मनाते हुए नरीमन पॉइंट से लेकर वानखेड़े स्टेडियम तक मेगा रोड शो निकाला। इस दौरान खिलाड़ियों और ट्रॉफी को देखने के लिए लाखों की संख्या में लोग पहुंचे थे। इस दौरान थोड़ी भगदड़ हुई और भीड़ में कई लोगों की हालत खराब हो गई। किसी की हड्डी टूट गई तो किसी को सांस लेने में तकलीफ हो गई। जिसके बाद कुछ घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती भी कराया गया। भगदड़ के बाद के कई वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आ रहे हैं।
मुंबई पुलिस ने दी घायलों की जानकारी –
इस हादसे की जानकारी सोशल मीडिया पर देते हुए मुंबई पुलिस की तरफ से कहा गया कि, “भारतीय क्रिकेट टीम का स्वागत करने आए कई प्रशंसकों की हालत बिगड़ गई, कुछ घायल हो गए और कुछ को सांस लेने में तकलीफ हुई। 10 लोगों को इलाज के लिए नजदीकी सरकारी अस्पताल ले जाया गया। जिन दो लोगों को भर्ती कराया गया है, उनमें से एक की हड्डी टूट गई है और दूसरे को सांस लेने में तकलीफ हो रही है। वहीं एक महिला दम घुटने से बेहोश हो गई, जिसके बाद पुलिस ने महिला को कंधे पर उठाकर भीड़ से बाहर निकाला।”
टीम इंडिया के खिलाड़ियों को ट्रॉफी के साथ देखने की खुशी में कई फैंस ने गाड़ियों को भी नुकसान पहुंचाया। जीत की खुशी में फैंस उत्साहित होकर गाड़ियों की छतों पर चढ़कर भी नाचे थे, जिससे दर्जनों गाड़ियों की छत को नुकसान पहुंचा है। मरीन ड्राइव से टीम इंडिया का रोड शो गुजरने के बाद सड़कों पर टूटा हुआ पोल और काफी सारे जूते-चप्पल भी जगह-जगह बिखरे हुए देखे गए।
