Connect with us

वाराणसी

नवरात्र में ‘समृद्ध सुकन्या-समृद्ध समाज’ के तहत डाकघर में बेटियों का खुलेगा सुकन्या समृद्धि खाता : पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव

Published

on

Loading...
Loading...

डाक विभाग की पहल : नवरात्र में बेटियों को उपहार में मात्र 250 रूपये से सुकन्या समृद्धि खाता खुलवाकर कराएं कन्या पूजन

नवरात्र का पर्व नारी-शक्ति की आराधना को समर्पित है। बेटियाँ और महिलाएँ सशक्त होंगी तो समाज भी सशक्त होगा। इसी क्रम में डाक विभाग ने ‘समृद्ध सुकन्या-समृद्ध समाज’ एवं ‘समृद्ध नारी-समृद्ध समाज’ अभियान चलाया है। इसके तहत विभाग अब हर घर में नारी शक्ति तक पहुंचेगा।

वाराणसी परिक्षेत्र के पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव के निर्देश पर 6 जिलों – वाराणसी, भदोही, चंदौली, गाजीपुर, जौनपुर व बलिया में यह अभियान चलाया जायेगा। वाराणसी परिक्षेत्र के डाकघरों में अब तक 3.46 लाख बेटियों के सुकन्या समृद्धि खाते खोले जा चुके हैं। वहीं 1,020 गाँवों को ‘संपूर्ण सुकन्या समृद्धि ग्राम’ के रूप में आच्छादित किया जा चुका है।

पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने बताया कि, सुकन्या समृद्धि योजना के तहत मात्र 250 रूपये से 10 वर्ष तक की बेटियों का खाता डाकघर में खुलवाया जा सकता है। इसमें 8.2% ब्याज है, जो कि किसी भी लघु बचत योजना से अधिक है। यह खाता बेटियों की पढ़ाई एवं शादी के लिए एक वरदान की तरह है। आयकर की धारा 80 सी के तहत आयकर में डेढ़ लाख तक की छूट का भी प्रावधान इस खाते में है।

पोस्टमास्टर जनरल यादव ने कहा कि, नवरात्र के दौरान परिवार की बेटियों का डाकघर में सुकन्या समृद्धि खाता खुलवाकर कन्या पूजन कर सकते हैं। यह कार्य नवरात्रि में किया जाए तो और भी पुण्य मिलेगा। नवरात्रि में कन्याओं का बहुत महत्व होता है। इस दौरान कन्याओं को पूजा के लिए घर पर आमंत्रित कर उपहार देने की भी परंपरा है।

Advertisement

वाराणसी पश्चिमी मंडल के डाक अधीक्षक विनय कुमार ने बताया कि सुकन्या समृद्धि खाता खुलवाने के लिए बालिका के आधार की प्रति और उसके माता या पिता के आधार कार्ड एवं पैन की प्रति तथा दो फोटो के साथ नजदीकी डाकघर में संपर्क किया जा सकता है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page