गोरखपुर
गोरखपुर :जेसीबी ने बुझाया घर का चिराग, 14 वर्षीय छात्र की दर्दनाक मौत; चालक-मालिक पर मुकदमा
गोरखपुर। एम्स थाना क्षेत्र के कुड़ाघाट स्थित आवास विकास कॉलोनी चौराहे पर एक दर्दनाक हादसे ने हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन लीं। तेज रफ्तार जेसीबी की चपेट में आने से 14 वर्षीय छात्र आर्यवर्धन सिंह की मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। जिस बेटे को माता-पिता ने बड़े अरमानों से पाल-पोसकर बड़ा किया था, उसकी असमय मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। घटना के बाद इलाके में भी शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के मुताबिक, आर्यवर्धन सिंह आवास विकास कॉलोनी, कुड़ाघाट निवासी ओमकार सिंह के बड़े बेटे थे। वह एयरफोर्स केंद्रीय विद्यालय में पढ़ाई कर रहे थे। महज 14 वर्ष की उम्र में वह अपने परिवार की उम्मीदों और सपनों का हिस्सा थे। बताया जा रहा है कि कुड़ाघाट चौराहे पर जेसीबी की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों के मुताबिक, घटना के समय जेसीबी पर कई लोग सवार थे। दुर्घटना होते ही चालक और वाहन पर सवार अन्य लोग जेसीबी छोड़कर मौके से फरार हो गए। इस घटना ने भारी मशीनों के संचालन में बरती जा रही लापरवाही और सुरक्षा इंतजामों पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
