बलिया
मंत्रोच्चार के बीच ददरी मेले का भूमि पूजन, 11 लाख के घोड़े ‘देवसरपंच’ ने खींचा ध्यान
बलिया। ऐतिहासिक ददरी मेले के आयोजन की तैयारियों ने मंगलवार को भूमि पूजन के साथ औपचारिक रूप ले लिया। मंत्रोच्चार के बीच प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने नगरपालिका चेयरमैन संत कुमार गुप्ता उर्फ मिठाई लाल के नेतृत्व में मेले का शिलान्यास किया। इस दौरान मंत्री ने कहा कि करीब पांच हजार वर्ष पुरानी सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करते हुए मेले को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित और भव्य स्वरूप प्रदान करने का प्रयास किया जा रहा है।
भूमि पूजन के बाद परिवहन मंत्री और जिलाधिकारी ने मेले के प्रसिद्ध पशु बाजार का निरीक्षण किया। यहां हरियाणा, पंजाब और राजस्थान से विभिन्न नस्लों के घोड़े पहुंचे हैं। इनमें 14 वर्षीय मेवाड़ी नस्ल का घोड़ा ‘देवसरपंच’ विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। करीब 11 लाख रुपये कीमत वाले इस घोड़े की शानदार कद-काठी और आकर्षक बनावट देखकर मंत्री ने भी उसकी प्रशंसा की। पशु बाजार में छह से 11 लाख रुपये तक कीमत वाले घोड़ों को देखने के लिए लोगों की भीड़ जुट रही है।
जिलाधिकारी ने बताया कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं और व्यापारियों की सुविधा के लिए सुरक्षा, दुकानों के पारदर्शी आवंटन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की विशेष व्यवस्था की जा रही है। मेले को स्थायी पहचान दिलाने के लिए भूमि चिह्नित कर शासन को प्रस्ताव भेजने की तैयारी भी की जा रही है।
कार्तिक पूर्णिमा के स्नान और मीना बाजार में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। वहीं, पिछले वर्षों की कमियों को दूर करते हुए दुकानों और अन्य कार्यों के आवंटन में पारदर्शिता पर विशेष जोर दिया जा रहा है। मेले के दौरान लोककला और संगीत को बढ़ावा देने के लिए देशभर के प्रसिद्ध कलाकारों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आयोजित होंगी।
कार्यक्रम में सिटी मजिस्ट्रेट आसाराम वर्मा, राज्य महिला आयोग की सदस्य सुनीता श्रीवास्तव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
पौराणिक मान्यता से जुड़ी है मेले की परंपरा
ददरी मेले की परंपरा को महर्षि भृगु के शिष्य दरदर मुनि से जुड़ा माना जाता है। मान्यता है कि उन्होंने मां सरयू और गंगा के संगम क्षेत्र में इस मेले की शुरुआत की थी। धार्मिक, सांस्कृतिक और व्यापारिक महत्व के कारण यह मेला आज भी बलिया की विशिष्ट पहचान बना हुआ है।
