Uncategorized
कांग्रेसजनों ने मनाई पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती, बच्चों में बांटी मिठाई
चकलोका स्थित आवास पर आयोजित हुआ कार्यक्रम, डॉ. राजेंद्र कुमार दूबे राजन ने नेहरू के योगदान को किया याद
ज्ञानपुर। देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती बाल दिवस के अवसर पर कांग्रेसजनों ने चकलोका स्थित पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. राजेंद्र कुमार दूबे राजन के आवास पर कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक याद किया। इस दौरान बच्चों के बीच टॉफी और मिठाइयां वितरित की गईं।
कार्यक्रम में डॉ. राजेंद्र कुमार दूबे राजन ने पंडित नेहरू के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आधुनिक भारत के निर्माण में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले एक दशक से कुछ शक्तियां महात्मा गांधी और पंडित नेहरू की छवि धूमिल करने का प्रयास कर रही हैं। ऐसी कोशिशों के प्रति लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।
उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि देश में जाति और धर्म के नाम पर नफरत का माहौल बनाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि वोट चोरी से बनी मोदी सरकार ने देश को संकट की स्थिति में पहुंचा दिया है। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में जारी संघर्ष को मजबूती देने के लिए कांग्रेसजनों को एकजुट होकर आगे आना होगा।
इस अवसर पर सत्येंद्र प्रकाश तिवारी, राजेश्वर दूबे, मृत्युंजय पांडेय, कंचन दूबे, दीपक पांडेय, नितिन सिंह, पंकज दूबे, अमन पांडेय, नीरज यादव, आर्यन यादव, योगेश, सिद्धांत, वेदांत, शौर्य, पिहू, सार्थक, गणेश, रिशु और शबी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
