भदोही
जनगणना और मतदाता जागरूकता को लेकर निकली विशाल साइकिल रैली
सीडीओ बाल गोविन्द शुक्ला ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना, स्व-गणना के साथ स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील
भदोही। जनगणना, मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण, पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से शनिवार को गोपीगंज में विशाल साइकिल रैली निकाली गई। भदोही साइकिलिंग क्लब, जिला युवा कल्याण विभाग, प्रांतीय रक्षक दल, जिला युवा अधिकारी के वालंटियर और नगर पालिका गोपीगंज के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस अभियान में बड़ी संख्या में युवाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
मुख्य विकास अधिकारी बाल गोविन्द शुक्ला और नगर पालिकाध्यक्ष जितेन्द्र गुप्ता ने नगर पालिका कार्यालय गोपीगंज से हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। पर्यावरण योद्धा एवं साइकिल मैन भदोही के नाम से पहचान रखने वाले अताउल मुस्तफा अंसारी के नेतृत्व में निकली इस रैली में लोगों को जनगणना में स्व-गणना की प्रक्रिया अपनाने, मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर सीडीओ बाल गोविन्द शुक्ला ने कहा कि जनगणना केवल सरकारी प्रक्रिया नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। ‘जनगणना: हमारी जिम्मेदारी’ की थीम के तहत समाज के अंतिम व्यक्ति तक जागरूकता पहुंचाना जरूरी है। उन्होंने सभी नागरिकों से स्व-गणना में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। साथ ही कहा कि स्वस्थ नागरिक ही सशक्त राष्ट्र का निर्माण करते हैं। इसके लिए नियमित योग और प्राणायाम अपनाने के साथ आसपास के कार्यों के लिए वाहनों की जगह साइकिल का इस्तेमाल करना चाहिए।
जिला युवा कल्याण अधिकारी रवि तिवारी ने कहा कि युवाओं की देश के भविष्य को संवारने में महत्वपूर्ण भूमिका है। युवक एवं महिला मंगल दल के सदस्य और खिलाड़ी गांवों तथा मोहल्लों में पहुंचकर स्व-गणना और मतदाता पंजीकरण के प्रति लोगों को जागरूक कर रहे हैं।
साइकिल रैली गोपीगंज नगर पालिका कार्यालय से शुरू होकर ज्ञानपुर रोड, बड़ा चौराहा, कांजी हाउस, शहीद तिराहा और चूड़ीहारी मोहल्ले सहित विभिन्न क्षेत्रों से गुजरी। इस दौरान प्रतिभागियों ने ‘आओ मिलकर अलख जगाएं, शत-प्रतिशत मतदान कराएं’ और ‘वोटर लिस्ट में नाम जुड़ाएं, देश के सच्चे नागरिक कहलाएं’ जैसे नारों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया। भारत माता की जय और वंदे मातरम् के उद्घोष के बीच रैली निर्धारित मार्ग से होते हुए नगर पालिका कार्यालय ज्ञानपुर रोड पहुंचकर संपन्न हुई।
इस अभियान को सफल बनाने में प्रवीण श्रीवास्तव, डॉ. एसएस यादव, प्रमोद मौर्य, सरफराज अहमद, राजीव जायसवाल, बनारसी बिंद, संदीप बिंद, रोहित यादव, पंकज यादव, अबू हुरैरा, बृजेश बिंद, परवेज खान, जगदीश यादव, हर्ष तिवारी, रोहित बिंद, मुज्तबा अंसारी, जिगर गुप्ता, नदरा नाज, नमरा नाज, रागिनी कनौजिया, उज्जवल गुप्ता सहित बड़ी संख्या में युवाओं ने सहभागिता की।
