Connect with us

गाजीपुर

पार्टी में उपेक्षा से आहत वरिष्ठ भाजपा नेता रघुवर दयाल राजभर ने जताई पार्टी छोड़ने की इच्छा

Published

on

Loading...
Loading...

बोले- जीवन का अंतिम समय अपने समाज के लोगों के बीच बिताना चाहता हूं, जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश राय ने नाराजगी दूर करने का दिया भरोसा

भीमापार (गाजीपुर)। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता रघुवर दयाल राजभर ने पार्टी में उचित सम्मान नहीं मिलने और अपनी उपेक्षा से आहत होकर पार्टी छोड़ने की इच्छा जाहिर की है। उन्होंने मीडिया से बातचीत के दौरान अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने अपना पूरा जीवन भाजपा को मजबूत करने में लगा दिया, लेकिन आज पार्टी में पुराने और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को उचित सम्मान नहीं मिल रहा है। अब वह अपने जीवन का शेष समय अपने समाज के लोगों के बीच बिताना चाहते हैं।

उन्होंने अपने राजनीतिक सफर और राम मंदिर आंदोलन से जुड़े संस्मरणों को साझा करते हुए बताया कि छह दिसंबर 1992 को अयोध्या में राम मंदिर आंदोलन के दौरान वह जिले के कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर मौजूद थे। उस दौरान गुंबद से ईंट गिरने के कारण उनके पैर में चोट भी लगी थी। उन्होंने कहा कि जब भाजपा की स्थिति मजबूत नहीं थी, उस समय उन्होंने जिलेभर में साइकिल से भ्रमण कर पार्टी को खड़ा करने और संगठन को मजबूत बनाने के लिए अथक प्रयास किया था।

रघुवर दयाल राजभर ने पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय कल्याण सिंह के साथ अपने संबंधों को याद करते हुए भावुक हो गए। उन्होंने बताया कि वह तीन बार जिले में भाजपा के जिला मंत्री रह चुके हैं तथा राजभर समाज के अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी निभा चुके हैं। एक समय था जब पार्टी उन्हें जिले में स्टार प्रचारक के रूप में जिम्मेदारी देती थी, लेकिन आज स्थिति यह हो गई है कि उन्हें बूथ स्तर पर भी प्रचारक के रूप में कोई जिम्मेदारी नहीं मिल रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी में पुराने कार्यकर्ताओं की उपेक्षा उन्हें बेहद आहत कर रही है।

पार्टी छोड़ने के बाद आगे की राजनीतिक भूमिका के सवाल पर उन्होंने कहा कि अब इस उम्र में किसी दूसरी पार्टी में जाने की उनकी कोई इच्छा नहीं है। वह अपने राजभर समाज के लोगों के बीच जाएंगे और उन्हें पार्टी में अपनी उपेक्षा तथा अपनी पीड़ा से अवगत कराएंगे। समाज के लोग जो निर्णय लेंगे, वह उसी के अनुसार आगे कदम उठाएंगे।

Advertisement

इधर, भाजपा जिलाध्यक्ष ने नाराजगी दूर करने का दिया भरोसा

इस संबंध में जयदेश के जिला राजनीतिक संवाददाता ने भाजपा गाजीपुर के जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय से उनका पक्ष जानने के लिए फोन पर बातचीत की। इस पर उन्होंने कहा कि रघुवर दयाल राजभर पार्टी के वरिष्ठ नेता ही नहीं, बल्कि हम सभी के अभिभावक समान हैं। उन्हें पार्टी से किसी प्रकार की नाराजगी है, इसकी जानकारी उन्हें अभी तक नहीं थी। उन्होंने बताया कि फिलहाल वह जिले से बाहर हैं और जिले में लौटते ही रघुवर दयाल राजभर से मुलाकात कर उनकी नाराजगी दूर करने का पूरा प्रयास करेंगे।

जिलाध्यक्ष ने कहा कि वह उन्हें पार्टी से बाहर नहीं जाने देंगे। रघुवर दयाल राजभर हम सभी के अभिभावक हैं और भाजपा हमारा परिवार है। उनके सम्मान और भावनाओं का पूरा ध्यान रखा जाएगा।

Continue Reading
Advertisement
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page