Uncategorized
नेशनल हाईवे-19 पर सांड से भिड़ी तेज रफ्तार स्कॉर्पियो, भाजपा नेता अम्बरीश सिंह भोला बाल-बाल बचे
टक्कर से गाड़ी का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त, एयरबैग खुलने से बची जान; गनर और चालक को आई हल्की चोटें
मिर्जामुराद (वाराणसी)। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के चित्रसेनपुर गांव के पास नेशनल हाईवे-19 पर एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो सड़क पर अचानक आए आवारा सांड से टकरा गई। हादसे में भाजपा नेता अम्बरीश सिंह भोला बाल-बाल बच गए, जबकि उनकी गाड़ी का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। टक्कर के बाद एयरबैग खुलने से बड़ा हादसा टल गया। वहीं, सांड की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, अम्बरीश सिंह भोला अपनी स्कॉर्पियो (UP 65 FH 0045) से लखनऊ में एक कार्यक्रम में शामिल होकर वाराणसी लौट रहे थे। चित्रसेनपुर गांव के पास पहुंचते ही सड़क पर घूम रहा एक आवारा सांड अचानक गाड़ी के सामने आ गया। चालक अभिषेक पाण्डेय ने ब्रेक लगाकर वाहन रोकने की कोशिश की, लेकिन रफ्तार अधिक होने के कारण स्कॉर्पियो सीधे सांड से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि गाड़ी का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे में अम्बरीश सिंह भोला सुरक्षित रहे, जबकि उनके साथ मौजूद गनर निर्भय सिंह और चालक अभिषेक पाण्डेय को हल्की चोटें आईं। घटना के बाद हाईवे पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने घायलों को प्राथमिक उपचार दिलाया और क्षतिग्रस्त वाहन को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु कराया।
हाईवे पर आवारा पशुओं से हादसों का खतरा
इस घटना ने एक बार फिर नेशनल हाईवे पर घूमने वाले आवारा पशुओं से होने वाले सड़क हादसों के खतरे को उजागर किया है। अचानक सामने आने वाले पशुओं के कारण तेज रफ्तार वाहनों के चालकों को संभलने का मौका नहीं मिल पाता, जिससे गंभीर दुर्घटनाएं हो सकती हैं। ऐसे में हाईवे से आवारा पशुओं को हटाने और सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की जरूरत है।
