Connect with us

चन्दौली

बड़ौरा में 12 सूत्रीय मांगों को लेकर छठवें दिन भी धरना जारी, ग्रामीणों में आक्रोश

Published

on

Loading...
Loading...

रिपोर्ट त्रिनाथ पांडेय

शहाबगंज, चंदौली। ग्राम बड़ौरा, विकासखंड शहाबगंज, तहसील चकिया में ग्रामीणों का 12 सूत्रीय मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन सोमवार को छठवें दिन भी जारी रहा। शासन-प्रशासन की ओर से अब तक ठोस पहल न होने से ग्रामीणों में भारी रोष है। ग्रामीणों का कहना है कि अधिकारी उनकी समस्याओं का समाधान करने के बजाय उनके धैर्य की परीक्षा ले रहे हैं।

ग्रामीणों ने कहा कि यह आंदोलन गांव और क्षेत्र की बुनियादी समस्याओं के समाधान तथा गरीबों, मजदूरों, किसानों और महिलाओं के अधिकारों के लिए है। उन्होंने गांधीजी के सत्याग्रह और डॉ. भीमराव आंबेडकर के समानता एवं सामाजिक न्याय के विचारों पर चलते हुए शांतिपूर्ण संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।

ग्रामीणों की प्रमुख मांगों में गांव की शराब की दुकान बंद कराना, जल निकासी एवं स्वच्छता की व्यवस्था, गलियों और नालियों का निर्माण, इलिया-लेवा मार्ग की बंद पुलिया का पुनर्निर्माण तथा सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराकर आंबेडकर पार्क एवं पुस्तकालय बनवाना शामिल है।

Advertisement

इसके अलावा प्रत्येक गरीब परिवार को पक्का मकान, आंगनबाड़ी राशन वितरण से जुड़ी स्वयं सहायता समूह की महिलाओं का चार वर्ष का बकाया मानदेय, सामुदायिक शौचालयों की केयरटेकर महिलाओं का बकाया भुगतान, मनरेगा श्रमिकों को 125 दिन काम अथवा बेरोजगारी भत्ता, गरीब परिवारों को 300 यूनिट निःशुल्क बिजली तथा किसानों की धान की फसल का उचित समर्थन मूल्य सुनिश्चित कराने की मांग की गई है।

अन्य मांगों में प्रत्येक घर में शौचालय, गांव के सभी मोहल्लों में सामुदायिक शौचालय तथा कटवा माफी स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में पर्याप्त स्वास्थ्य सुविधाएं, डॉक्टर और आवश्यक चिकित्सा संसाधन उपलब्ध कराना शामिल है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से धरनास्थल पर पहुंचकर वार्ता करने और मांगों पर समयबद्ध कार्रवाई करने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जब तक मांगें पूरी नहीं होतीं अथवा उनके समाधान के लिए संतोषजनक कार्रवाई नहीं होती, तब तक शांतिपूर्ण धरना जारी रहेगा।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page