Connect with us

भदोही

सुसज्जित मंच पर चारों भाइयों का मिलन देख नम हुईं आंखें, भावविह्वल हुए श्रद्धालु

Published

on

Loading...
Loading...

गोपीगंज, भदोही। गोपीगंज नगर का प्राचीन और ऐतिहासिक भरत मिलाप गुरुवार की रात पूरे सजधज और श्रद्धा के साथ सकुशल संपन्न हुआ। नगर के मुख्य चौराहे पर रंग-बिरंगे और सुगंधित पुष्पों से सजे भव्य मंच पर देर रात भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न का मिलन कराया गया। चारों भाइयों के मिलन का भावुक दृश्य देखकर श्रद्धालुओं की आंखें नम हो गईं। पूरा नगर भगवान श्रीराम के जयघोष से गूंज उठा और वातावरण भक्तिमय हो गया।

भरत मिलाप देखने के लिए लाखों की संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। हर कोई भगवान श्रीराम और उनके भाइयों के मिलन का साक्षी बनने को आतुर दिखाई दिया। छतों, दुकानों और सड़कों पर घंटों से प्रतीक्षा कर रहे श्रद्धालु जैसे ही चारों भाइयों के मिलन के साक्षी बने, भावुक हो उठे। कई लोगों की आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े। मिलन स्थल पर इतनी भीड़ रही कि तिल रखने तक की जगह नहीं बची। इस बार पिछले वर्षों की अपेक्षा अधिक भीड़ देखने को मिली।

मिलन के दौरान लीला स्थल पर रामायण की चौपाइयां गूंजती रहीं। पुष्पवर्षा और जयघोष के बीच चारों भाइयों का मिलन श्रद्धालुओं के लिए अद्भुत और अलौकिक दृश्य बन गया। रंग-बिरंगी झालरों और विद्युत सजावट से सजा पूरा नगर दुल्हन की तरह जगमगा रहा था। नगर की भव्य सजावट और धार्मिक आयोजन की छटा को श्रद्धालु अपलक निहारते रहे।

Advertisement

नवयुवक दल गोपीगंज, श्रीरामलीला समिति और बघेल परिवार के सहयोग से आयोजित भरत मिलाप मेले में आकर्षक लाग-विमानों और झांकियों का प्रदर्शन किया गया। इससे पहले भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, माता सीता और पवनपुत्र हनुमान बड़ा चौराहा पहुंचे, जहां उनकी आरती उतारी गई। भाइयों के मिलन के बाद माता सीता के साथ भगवान श्रीराम अपने भाइयों के संग नगर भ्रमण पर निकले। उनके पीछे लाग-विमानों का काफिला भी चलता रहा। नवयुवक दल की ओर से निकाली गई लाग, विमान, डीजे, ढोल-ताशा और मां काली की झांकी आकर्षण का केंद्र रही।

मेले को सकुशल संपन्न कराने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस और पीएसी के जवानों की तैनाती की गई थी। व्यवस्था बनाए रखने के लिए संबंधित मार्गों पर वाहनों का आवागमन बंद रखा गया। पूरे आयोजन के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया गया।

इस अवसर पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष एवं कालीन निर्यातक बृजेश गुप्ता, विजय जायसवाल, श्रीनिवास चतुर्वेदी, राजेंद्र पुष्पकार, श्रीकांत जायसवाल, संजय प्रताप सिंह बऊ, अश्वनी अग्रवाल और बिंदेश गुप्ता सहित अनेक लोग मौजूद रहे। रामलीला और भरत मिलाप को सफल बनाने में बघेल रामलीला समिति के अजीत सिंह बघेल, उमेश सिंह बघेल, कौशलेंद्र सिंह और अखिलेंद्र सिंह बघेल सहित बघेल परिवार की अहम भूमिका रही।

वहीं, नवयुवक दल की ओर से रामलाल अग्रवाल, टुनटुन अग्रवाल, मुकेश अग्रवाल, दामोदर अग्रहरी, संजय प्रताप सिंह, शिवशंकर गुप्ता, प्रमोद अग्रवाल, सत्य प्रकाश अग्रवाल और उमाशंकर कसेरा सहित दल के अन्य सदस्यों ने आयोजन में महत्वपूर्ण योगदान दिया। भरत मिलाप सकुशल संपन्न होने पर नवयुवक दल के संरक्षक रामलाल अग्रवाल, बघेल रामलीला समिति के संरक्षक अजीत सिंह बघेल और पालिका अध्यक्ष जितेंद्र गुप्ता ने जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन तथा क्षेत्र की जनता के प्रति आभार व्यक्त किया।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page