वाराणसी
‘टिंग टोंग’ अभियान से बच्चों को सिखाए साइबर ठगी से बचाव के तरीके
रायतारा मुसहर बस्ती में 15 बच्चों ने लिया हिस्सा, अनजान लिंक और ओटीपी साझा न करने की दी सीख
पिंडरा (वाराणसी)। बच्चों को साइबर ठगी के प्रति जागरूक करने और इंटरनेट के सुरक्षित इस्तेमाल की समझ विकसित करने के उद्देश्य से पिंडरा ब्लॉक की रायतारा मुसहर बस्ती में ‘टिंग टोंग’ जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। चाइल्ड राइट्स एंड यू (क्राई) के आर्थिक सहयोग से जनमित्र न्यास और मानवाधिकार जननिगरानी समिति के संयुक्त तत्वावधान में हुए कार्यक्रम में 15 बच्चों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों को खेल और गतिविधियों के माध्यम से ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के तरीके बताए गए। बच्चों से सवाल किया गया कि यदि कोई अनजान व्यक्ति 10 हजार रुपये जीतने का लालच दे, तो उस पर भरोसा करना सुरक्षित होगा या नहीं। इस उदाहरण के जरिए उन्हें ऑनलाइन मिलने वाले आकर्षक प्रस्तावों के प्रति सतर्क रहने की सीख दी गई।
रुकें, सोचें और फिर करें भरोसा
जागरूकता कार्यक्रम में ट्रैफिक सिग्नल का उदाहरण देकर बच्चों को समझाया गया कि इंटरनेट पर किसी भी जानकारी या प्रस्ताव पर भरोसा करने से पहले रुकना, सोचना और उसकी सत्यता परखना जरूरी है। उन्हें अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने तथा किसी के साथ ओटीपी, यूपीआई पिन और निजी जानकारी साझा नहीं करने की सलाह दी गई।
संस्था के अनुसार, यह अभियान अगले चार माह तक वाराणसी जिले के चार ब्लॉकों के 45 गांवों में चलाया जाएगा। इसका उद्देश्य बच्चों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक बनाना और उन्हें डिजिटल दुनिया में सुरक्षित रहने के लिए जरूरी जानकारी देना है।
कार्यक्रम में संस्था के संजय राजभर, गीता मौर्या और विनोद कुमार सहित बच्चे एवं उनके अभिभावक मौजूद रहे।
