गाजीपुर
नवरात्रि सामाजिक न्याय और एकता का संदेश देता है : पुनीता सिंह खुशबू
दुर्गा पंडालों में पहुंचकर की पूजा-अर्चना, भाईचारे और सामाजिक समरसता मजबूत करने की अपील
नंदगंज (गाजीपुर)। समाजवादी पार्टी महिला सभा की राष्ट्रीय महासचिव पुनीता सिंह खुशबू ने कहा कि नवरात्रि केवल पूजा-अर्चना का पर्व नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, भाईचारे और बुराइयों के खिलाफ खड़े होने की प्रेरणा देने वाला त्योहार भी है। मां दुर्गा ने दुष्टों का संहार कर समाज को न्याय, शक्ति और धर्म के मार्ग पर चलने का संदेश दिया है।
नवरात्रि के पावन अवसर पर मंगलवार को पुनीता सिंह खुशबू अपने पति सुजीत यादव के साथ सदर विधानसभा क्षेत्र के ग्रामसभा सिसौड़ा, नंदगंज सहित दर्जनों स्थानों पर स्थापित मां दुर्गा के पंडालों में पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने मां दुर्गा की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया और श्रद्धालुओं से संवाद किया। उन्होंने लोगों से आपसी भाईचारा, सद्भाव और सामाजिक एकता बनाए रखने की अपील की।
पुनीता सिंह खुशबू ने कहा कि वर्तमान समय में समाज को सामाजिक न्याय की आवश्यकता है। इसके लिए पीडीए समाज को एकजुट होकर सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने और सामाजिक समरसता को मजबूत करने की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि त्योहार समाज के सभी वर्गों को एक साथ जोड़ने और आपसी संबंधों को मजबूत करने का अवसर प्रदान करते हैं।
इस दौरान उन्होंने लोगों से मां दुर्गा के आदर्शों को अपनाने तथा समाज में समानता, सम्मान और सद्भाव की भावना को बढ़ावा देने का आह्वान किया।
उल्लेखनीय है कि सुजीत यादव यादव महासभा तथा पिछड़ा-दलित-अल्पसंख्यक गाजीपुर के जिलाध्यक्ष हैं।
