Connect with us

गाजीपुर

सिधौना चौराहा बनता जा रहा अवैध टैक्सी स्टैंड

Published

on

Loading...
Loading...

फोरलेन पर खड़े दर्जनों ऑटो से हादसे का खतरा

सिधौना (गाजीपुर)। सिधौना चौराहा इन दिनों धीरे-धीरे अवैध टैक्सी स्टैंड का रूप लेता जा रहा है। राष्ट्रीय राजमार्ग-31 के फोरलेन पर सवारियों के इंतजार में दर्जनों ऑटो खड़े रहते हैं। इससे यातायात प्रभावित होने के साथ ही राहगीरों और वाहन चालकों के लिए हादसे का खतरा बढ़ गया है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, पहले ऑटो चालक सवारियों को लेकर सिधौना से सीधे बनारस, गाजीपुर या अन्य गंतव्य की ओर निकल जाते थे। अब कई चालक सवारियों के इंतजार में मुख्य हाईवे के किनारे ही ऑटो खड़ा कर देते हैं। इससे चौराहे पर वाहनों का दबाव बढ़ जाता है और तेज रफ्तार वाहनों के बीच दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।

फोरलेन होने के बावजूद सड़क पार करने के लिए उपलब्ध जगह बेहद सीमित है। स्थानीय लोगों का कहना है कि वहां एक बाइक खड़ी करने तक की पर्याप्त जगह नहीं है। इसके बावजूद मुख्य मार्ग के किनारे ऑटो खड़े किए जा रहे हैं। हाईवे के बगल में सर्विस लेन होने के बावजूद चालक मुख्य मार्ग पर ही सवारियों का इंतजार करते हैं। सवारियों के चढ़ने-उतरने के दौरान स्थिति और अधिक जोखिमपूर्ण हो जाती है।

ऑटो चालकों से सड़क से हटने के लिए कहने पर कुछ चालक यह कहते नजर आते हैं कि, “हम अकेले थोड़ी खड़े हैं, कई ऑटो वाले हैं। सब हटेंगे तो हम भी हट जाएंगे।”

Advertisement

स्थानीय लोगों का कहना है कि सिधौना क्षेत्र में पहले भी सड़क हादसे हो चुके हैं। ऐसे में हाईवे पर ऑटो का जमावड़ा किसी बड़े हादसे का कारण बन सकता है। लोगों ने प्रशासन और यातायात विभाग से चौराहे पर नियमित निगरानी, प्रभावी कार्रवाई और ऑटो के लिए निर्धारित स्टैंड की व्यवस्था कराने की मांग की है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page