जौनपुर
लायंस क्लब जौनपुर ‘गोमती’ ने चलाया निःशुल्क टीकाकरण एवं स्वास्थ्य जांच अभियान
चौकीपुर में नवजात शिशुओं और गर्भवती महिलाओं की हुई स्वास्थ्य जांच, चिकित्सकीय परामर्श भी दिया गया
जौनपुर। सेवा, स्वास्थ्य और सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत लायंस क्लब जौनपुर ‘गोमती’ की ओर से सेवा सप्ताह के अंतर्गत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चौरसंड के सहयोग से इंग्लिश मीडियम प्राइमरी विद्यालय, चौकीपुर, चौकियां में निःशुल्क टीकाकरण एवं स्वास्थ्य जांच अभियान आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नवजात शिशुओं का टीकाकरण करने के साथ गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच और आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया गया।
अभियान का उद्देश्य ग्रामीण और जरूरतमंद परिवारों तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करना तथा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के प्रति लोगों को जागरूक करना रहा। स्वास्थ्य विभाग और विद्यालय परिवार के सहयोग से लाभार्थियों को आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।
कार्यक्रम को सफल बनाने में एएनएम योगिता राय, प्रधानाध्यापिका ममता श्रीवास्तव, आशा कार्यकर्ता कुसुम यादव और अर्चना मौर्या तथा आंगनवाड़ी कार्यकर्ता राधा यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
क्लब अध्यक्ष लायन सैय्यद हसनैन कमर ‘दीपू’ ने कहा कि लायंस क्लब का मूल उद्देश्य जरूरतमंदों की सेवा करना है। मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य समाज की मजबूत नींव है और ऐसे अभियानों के माध्यम से क्लब जनसेवा के कार्यों को आगे बढ़ाता रहेगा।
क्लब सचिव लायन नवीन मिश्रा ने कहा कि सेवा तभी सार्थक है, जब उसका लाभ उन लोगों तक पहुंचे जिन्हें वास्तव में इसकी आवश्यकता है। स्वस्थ मां और स्वस्थ शिशु ही स्वस्थ समाज की आधारशिला हैं।
कार्यक्रम संयोजक लायन गौरव श्रीवास्तव ने स्वास्थ्यकर्मियों, विद्यालय परिवार, आशा एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं तथा क्लब सदस्यों के सहयोग के लिए आभार जताया।
इस अवसर पर कोषाध्यक्ष लायन ऋषिदेव, सेवा सप्ताह को-चेयरपर्सन लायन मोहम्मद आजम सहित लायंस क्लब के सदस्य, स्वास्थ्यकर्मी, विद्यालय परिवार और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
क्लब पदाधिकारियों ने बताया कि सेवा सप्ताह के तहत स्वास्थ्य, स्वच्छता, पर्यावरण, टीकाकरण और जरूरतमंदों की सहायता से जुड़े विभिन्न सेवा कार्य आगे भी जारी रहेंगे।
