बलिया
हरिश्चंद्र पीजी कॉलेज शिक्षक संघ के नए पदाधिकारियों का निर्विरोध निर्वाचन
डॉ. रमेश कुमार अध्यक्ष और डॉ. प्रज्ञा ओझा बनीं महामंत्री, नई कार्यकारिणी ने शिक्षक हितों के लिए कार्य करने का लिया संकल्प
वाराणसी, 6 अक्टूबर। हरिश्चंद्र स्नातकोत्तर महाविद्यालय शिक्षक संघ की बैठक मंगलवार को संपन्न हुई। इसमें शिक्षक संघ के नए पदाधिकारियों का निर्विरोध निर्वाचन चुनाव अधिकारी प्रो. विश्वनाथ वर्मा, प्रो. कनकलता विश्वकर्मा एवं प्रो. ममता वर्मा की देखरेख में कराया गया।
बैठक में निवर्तमान अध्यक्ष प्रो. ओम शर्मा और महामंत्री डॉ. धीरज कुमार सिंह ने अपने कार्यकाल के दौरान किए गए कार्यों एवं उपलब्धियों का विवरण प्रस्तुत किया। उन्होंने शिक्षक सदस्यों के सहयोग और विश्वास के लिए आभार जताते हुए नई कार्यकारिणी के निर्वाचन का प्रस्ताव रखा।
निर्वाचन प्रक्रिया में डॉ. रमेश कुमार (विधि विभाग) को अध्यक्ष, डॉ. विनीत कुमार (इतिहास विभाग) को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, डॉ. अमित पांडेय (भूगोल विभाग) को कनिष्ठ उपाध्यक्ष, डॉ. प्रज्ञा ओझा (हिंदी विभाग) को महामंत्री, डॉ. आकांक्षा सिंह (अंग्रेजी विभाग) को संयुक्त मंत्री तथा डॉ. रविकांत कसौधन (संस्कृत विभाग) को कोषाध्यक्ष निर्विरोध चुना गया।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष डॉ. रमेश कुमार ने निर्विरोध चुने जाने पर सभी शिक्षक सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग और सहभागिता से शिक्षक हितों की रक्षा करने के साथ महाविद्यालय के शैक्षणिक एवं अकादमिक वातावरण को और बेहतर बनाने का प्रयास किया जाएगा।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. रजनीश कुंवर ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि शिक्षक संघ महाविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था को मजबूत करने और शिक्षक हितों की रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने विश्वास जताया कि नई कार्यकारिणी आपसी समन्वय और सहयोग के साथ महाविद्यालय के शैक्षणिक विकास के लिए प्रभावी ढंग से कार्य करेगी।
प्राचार्य ने निवर्तमान पदाधिकारियों के कार्यकाल में किए गए कार्यों के लिए उनका आभार व्यक्त करते हुए नई कार्यकारिणी के सफल कार्यकाल की कामना की। बैठक में मौजूद शिक्षक सदस्यों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई दी और शिक्षक संघ को और अधिक सक्रिय एवं प्रभावी बनाने के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।
