बलिया
परिवार रजिस्टर की नकल के लिए भटक रहे पांच गांवों के ग्रामीण
जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र समेत जरूरी अभिलेखों के लिए दूसरे गांव के चक्कर, सचिव पर लापरवाही का आरोप
चिलकहर (बलिया)। सवन क्लस्टर के अंतर्गत आने वाले पांच गांवों के ग्रामीण परिवार रजिस्टर की नकल, जन्म और मृत्यु प्रमाणपत्र बनवाने के लिए परेशान हैं। ग्रामीणों ने क्लस्टर सचिव शशिकांत सिंह पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मामले की जांच और समस्या के समाधान की मांग की है।
ग्रामीणों के अनुसार सवन क्लस्टर में सवन, ताखा, इंदरपुर, पांडेयपुर और छीब्बी गांव शामिल हैं। आरोप है कि सचिव ने इन गांवों से संबंधित फाइलें कुकुरहां गांव के पंचायत सहायक अरविंद यादव को सौंप दी हैं, जबकि कुकुरहां सवन क्लस्टर का हिस्सा नहीं है। इससे ग्रामीणों को अपने गांव में सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं और छोटे-छोटे जरूरी कार्यों के लिए दूसरे गांव के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि परिवार रजिस्टर की नकल, जन्म प्रमाणपत्र और मृत्यु प्रमाणपत्र जैसे आवश्यक दस्तावेजों के लिए उन्हें बार-बार भटकना पड़ रहा है। इससे समय और धन दोनों की बर्बादी हो रही है। लोगों में इस व्यवस्था को लेकर नाराजगी है।
आक्रोशित ग्रामीणों ने अधिकारियों से मामले की जांच कराकर अभिलेखों से संबंधित कार्यों को नियमित रूप से संबंधित गांवों में ही उपलब्ध कराने तथा लापरवाही के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
इस संबंध में सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) सूर्य प्रकाश यादव ने कहा कि मामले की उन्हें जानकारी नहीं है। प्रकरण की जांच कराकर नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाएगी।
